Site icon Dainik Savera Times

‘अपने बुद्धिदाता’ के कृत्यों के लिए माफी मांगे कांग्रेस : CM Yogi

लखनऊ: सैम पित्रोदा के बयान की भर्त्सना करते हुये उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि कांग्रेस को अपने बुद्धिदाता के कृत्य के लिये सार्वजनिक रुप से देश की जनता से माफी मांगनी चाहिये। योगी ने कहा कि पित्रोदा कांग्रेस की बांटो और राज करो की नीति को बयां कर रहे हैं। कांग्रेस में सत्ता प्राप्ति की अतिलिप्सा है। कांग्रेस 1947 में भारत के विभाजन की त्रासदी की जिम्मेदार है। कांग्रेस ने आजादी के बाद भी जाति, क्षेत्र, भाषा के नाम पर देश को बांटने का पाप किया है। सैम पित्रोदा का बयान अत्यंत निंदनीय है। कांग्रेस सैम पित्रोदा के मुंह से जो बोलवा रही है, उसके लिए उसे देश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। कांग्रेस को अपने बुद्धिदाता के कृत्यों के लिए माफी मांगनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे लोग उत्तर भारत, दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पश्चिमी भारत को रंग व चमड़ी के आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। यह देश के प्रति साजिश का पर्दाफाश होने के साथ ही कांग्रेस की बहुत खतरनाक मंशा है। यह शर्मनाक और निंदनीय बयान भारत जैसे सनातन देश में 140 करोड़ भारतवासियों को अपमानित करने वाला है।

Exit mobile version