Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में भगवान राम और रामायण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण

September 7, 2023

अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में भगवान राम और रामायण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे मुख्य आकर्षण

लखनऊः ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आगामी 21 से 25 सितंबर तक आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो में भगवान राम और रामायण पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम मुख्य आकर्षण होंगे। उत्तर प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को बताया कि कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगी। कई अन्य केंद्रीय मंत्री भी ट्रेड शो के विभिन्न सत्रों में भाग लेंगे। प्रवक्ता ने बताया कि राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार भगवान राम के अनुयायियों के बीच एक जुड़ाव बनाने के लिए रामायण पर आधारित लोक गायन, गीतों और कथक नृत्य नाटिका के जरिये पूरी दुनिया को भगवान राम की गौरवशाली गाथा दिखाने के लिए एक विस्तृत कार्य योजना पर काम कर रही है।

भगवान राम थाईलैंड, मलेशिया और इंडोनेशिया जैसे कई दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के साथ-साथ दक्षिण कोरिया में भी आस्था का केंद्र हैं। इसके मद्देनजर सरकार वैश्विक दर्शकों को भगवान राम की विरासत और उनकी दुनिया से परिचित कराने के लिए एक कार्ययोजना तैयार कर रही है। कार्य योजना के अनुसार कार्यक्रम में भाग लेने वाले विशिष्ट अतिथियों का स्वागत सांस्कृतिक दलों के कलाकारों द्वारा भगवान श्री राम से संबंधित लोकगीतों तथा भगवान राम के जीवन एवं यात्रा को दर्शाती शिल्पकारों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की प्रस्तुति के माध्यम से किया जाएगा।

इसके अलावा, कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में ब्रज, पूर्वांचल, अवध, पश्चिमांचल, रुहेलखंड और बुंदेलखंड के कलाकारों द्वारा एक सांस्कृतिक श्रंखला भी प्रस्तुति की जाएगी। इस दौरान मुख्यत? अवध एवं बुन्देलखण्ड के कलाकारों द्वारा भगवान श्री राम से सम्बन्धित लोकगीत प्रस्तुत किये जायेंगे। सांस्कृतिक संध्या के दौरान लोक गायन, राम गीत और रामायण पर आधारित कथक नृत्य नाटिका का भी मंचन किया जाएगा। ट्रेड शो के दौरान पांच दिनों में कुल छह सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

प्रवक्ता के मुताबिक, स्वर संगम सत्र के दौरान सांस्कृतिक झांकी के अलावा, युगल और सूफी गायन प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा लय रसरंग, सुगम संगीत, अनुराद संगीत बैंड की प्रस्तुति, लोक गायन भी प्रस्तुति में शामिल होंगे। ईशा फाउंडेशन के संस्थापक और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु भी अंतरराष्ट्रीय ट्रेड शो के एक सत्र में भाग लेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें