Site icon Dainik Savera Times

UP: रेलवे ट्रैक पर बाइक के टायर में आग लगाकर खतरनाक स्टंट, वीडियो हुआ वायरल तो पुलिस ने सिखाया स्टंटबाजों को सबक

नेशलन डेस्क। उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में तीन युवकों ने सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में एक बेहद खतरनाक स्टंट करने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि उन्होंने बाइक के टायर में आग लगाकर रेलवे ट्रैक पर स्टंट किया, जिससे उनकी और दूसरों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।

बाइक के टायर में पेट्रोल डालकर लगाई आग
ये घटना हापुड़ के चंदसारा रेलवे लाइन की है। तीनों युवकों ने अपनी मोटरसाइकिल के पिछले टायर पर पेट्रोल छिड़का और उसमें आग लगा दी। फिर उस जलते हुए टायर वाली बाइक से रेलवे ट्रैक पर स्टंट किया। इसका वीडियो बनाकर उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।

 

वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने जांच शुरू की
वीडियो जब सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, तो रेलवे पुलिस मुख्यालय मुरादाबाद की नजर इस पर पड़ी। मुरादाबाद से तुरंत यह वीडियो हापुड़ रेलवे पुलिस को भेजा गया। वीडियो देखकर पुलिस ने इसे रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुँचाने की कोशिश माना और तुरंत जांच शुरू कर दी।

बाइक नंबर से युवकों की गई पहचान
पुलिस ने वीडियो में दिख रही बाइक का नंबर निकाला और उसी के आधार पर तीनों युवकों की पहचान की। फिर उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस टीम भेजी गई। तीनों युवक गिरफ्तार कर फिलहाल जेल भेजा दिया गया है। जिनकी पहचान शाहिर (22 वर्ष), शहजाद (22 वर्ष), तरुण गोस्वामी (22 वर्ष) के रूप में की गई है। ये सभी मेरठ के फफूंडा गांव, थाना लोहिया नगर के रहने वाले हैं। तीनों के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 385/25 और 153 के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने लोगों से की ये अपील
पुलिस ने कहा है कि ऐसे स्टंट से न केवल करने वाले की जान खतरे में पड़ती है, बल्कि दूसरों की भी जान जोखिम में आ सकती है। साथ ही रेलवे ट्रैक जैसी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाना एक गंभीर अपराध है।

Exit mobile version