Site icon Dainik Savera Times

देवरिया कांड: मुख्यमंत्री ने घायल बच्चे से की मुलाकात

गोरखपुरः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर के बाबा राघव दास गोरखपुर मेडिकल कॉलेज का दौरा किया और सोमवार को देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र में हुए सामूहिक हत्याकांड में घायल हुए आठ वर्षीय बच्चे से मुलाकात की। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता के मुताबिक मुख्यमंत्री ने देवरिया कांड में घायल हुए बच्चे अनमोल दुबे से मुलाकात की और उसका हाल पूछा। इस दौरान आदित्यनाथ भावुक नजर आये। उन्होंने चिकित्सकों को बच्चे का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का उद्घाटन करने के साथ ही डेंगू वार्ड का भी निरीक्षण किया और भर्ती मरीजों के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी प्राप्त की। देवरिया जिले के रुद्रपुर क्षेत्र में फतेहपुर गांव स्थित लेहड़ा टोला में भूमि विवाद को लेकर सोमवार को एक ही परिवार के पांच सदस्यों समेत छह लोगों की हत्या कर दी गयी थी। मृतकों में अनमोल के पिता सत्य प्रकाश दुबे (54), मां किरण दुबे (52), बहनें सलोनी (18), नंदिनी (10) और भाई गांधी (15) शामिल है। इस वारदात में अनमोल घायल हो गया है।

Exit mobile version