Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

देवरिया कांड : सियासत गरमाई, भाजपा-सपा आमने सामने

October 10, 2023

देवरिया कांड : सियासत गरमाई, भाजपा-सपा आमने सामने

लखनऊः देवरिया में बीते दिनों हुई छह हत्याओं के बाद सियासत जारी है। सत्यप्रकाश दुबे की श्रद्धांजलि सभा में भाजपा विधायक ने मृतक परिवार को न्याय दिलाने की बात की। उधर सपा के लोग प्रेम चंद्र यादव के पक्ष में खुलकर सामने आ गए हैं। अपने ढंग से सांत्वना दे रहे हैं। सपा का एक प्रतिनिधि मंडल मंगलवार को देवरिया पहुंच रहा है। देवरिया जिले के फतेहपुर में हुए सामूहिक हत्याकांड की जानकारी लेने सपा का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को फतेहपुर गांव पहुंचेगा। प्रतिनिधिमंडल में शामिल सदस्यों की सूची सपा के प्रदेश अध्यक्ष ने जिले में भेजी है। सपा कार्यालय की ओर से जारी लिस्ट के अनुसार, पूर्व मंत्री ब्रम्हाशंकर त्रिपाठी, राधेश्याम सिंह, रामभुआल निषाद, पूर्व सांसद कनकलता सिंह, पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी, गजाला लारी, आशुतोष उपाध्याय, मनबोध प्रसाद, मुरली जायसवाल, अजय प्रताप सिंह, डब्लू मणि त्रिपाठी और जिलाध्यक्ष व्यास यादव फतेहपुर गांव पहुंचकर दोनों पक्षों से घटना की जानकारी लेंगे। इसकी रिपोर्ट पूर्व सीएम अखिलेश यादव को सौंपी जाएगी।

बीते दिन मृतक सत्य प्रकाश दुबे और उनके परिवार के लिए श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जिसमें कई हजार लोग जुटे थे। इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में भाजपा विधायक शलभमणि त्रिपाठी ने सपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ये लोग मेरे ऊपर जातिवादी होने और हत्या करवाने का आरोप लगा रहे हैं। मैं इन्हें 1000 बार जांच कराने की चुनौती देता हूं। भाजपा विधायक के इस बयान पर अब सपा नेता शिवपाल यादव की प्रतिक्रिया आई है। शिवपाल यादव ने पलटवार किया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया कि विधायक जी, सपा तो विपक्ष में है। आप सियासी रोटी सेंकना बंद कर प्रशासन की जवाबदेही व जिम्मेदारी तय करा लें और अगर पीड़ितों को निष्पक्ष न्याय दिलाने की आप में हैसियत हो तो न्याय जरूर दिला दें।

इस पर दोबारा एक्स पर शलभ मणि ने जवाब दिया कि शिवपाल जी, आपकी सरकार का आतंक लोग भूले नहीं, ये पूरा विवाद ही 2014 से है, जब आप सत्ता के मद में अन्याय करा रहे थे। जवाहरबाग से लेकर देवरिया तक जमीनें कब्जा करवा रहे थे। आज भी सपा भले विपक्ष में है, पर अराजकता ही इसकी पहचान है, योगी जी की सरकार है, इसीलिए न्याय की उम्मीद है। बाकी फिर कहता हूं, एक हजार मुकदमे करा लीजिए, या धमकियां दिलवा लीजिए, न डरा हूं, न डरूंगा, गुंडों को गुंडा कहूंगा, भू माफिया को भूमाफिया।

उधर सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इस मामले पर भाजपा पर बड़ा आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सबसे बड़ी जातिवादी पार्टी है। देवरिया की घटना के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। पूरी की पूरी गलती भाजपा सरकार की है। फिर भी भाजपा देवरिया की घटना का राजनीतिक लाभ लेना चाहती है। दोनों परिवार न्याय के लिए कई बार सरकार के अधिकारियों से मिले। लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। इस घटना में जिन लोगों ने न्याय नहीं किया, वो दोषी हैं। बता दें कि देवरिया जिले में रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के फतेहपुर गांव में दो अक्टूबर को छह बजे जमीन के विवाद में एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य की धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई।

इससे गुस्साएं पूर्व जिला पंचायत सदस्य के पक्ष के लोग दूसरे पक्ष के घर में घुसकर पति, पत्नी और उसकी तीन संतानों को गोली मारकर और धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी, जबकि एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया है। मामले में दोनों पक्षों ने मुकदमा दर्ज करवाया है। सत्य प्रकाश दुबे की बड़ी बेटी की ओर से 27 नामजद और 50 अज्ञात सहित 77 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। वहीं, प्रेमचंद यादव की पक्ष की तरफ से सत्य प्रकाश समेत दुबे परिवार के चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाया है। हालांकि, उन सभी की हत्या हो चुकी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें