Site icon Dainik Savera Times

IAS पद से इस्तीफा देने के बाद दिव्या मित्तल की राजनीति में एंट्री, यूपी से शुरू करेंगी नया सफर

divya mittal

नेशनल डेस्कः IAS पद से इस्तीफा देने वाली दिव्या मित्तल को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दिव्या मित्तल ने अब राजनीति में आने का ऐलान कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत के बारे में जानकारी दी है। इस वीडियो में उन्होंने यह भी बताया कि आखिर उन्होंने IAS की नौकरी छोड़कर राजनीति में आने का फैसला क्यों लिया।

उत्तर प्रदेश से शुरू करेंगी राजनीतिक सफर
दिव्या मित्तल ने साफ किया है कि वह अपनी राजनीतिक शुरुआत उत्तर प्रदेश से करेंगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की मिट्टी ही उनकी कर्मभूमि रही है और उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत भी यहीं से होगी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि उन पर भरोसा करने के बजाय अपने आप पर भरोसा करें। दिव्या ने शिक्षक, डॉक्टर, किसान, मजदूर, वकील और छात्रों समेत समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों से उनके साथ जुड़ने की अपील की है।

 

उन्होंने अपने राजनीतिक अभियान के लिए नया नारा भी दिया है ‘चलिए हिसाब मांगते हैं’ ‘मुझे वंचित लोगों की आवाज बनना है’। दिव्या मित्तल ने अपने वीडियो में राजनीति में आने की वजह बताते हुए कहा कि वह उन लोगों की आवाज बनना चाहती हैं, जिनकी बात अक्सर सामने नहीं आ पाती। उन्होंने कहा कि उन्हें आवाज बनना है और आवाज उठाकर वंचित लोगों की आवाज को सामने लाना है। दिव्या के मुताबिक राजनीति में बदलाव की जरूरत है और ऐसी राजनीति होनी चाहिए जिसमें इरादा और काम करने की सोच हो।

राजनीतिक व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
दिव्या मित्तल ने अपने वीडियो में मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज सत्ता और शोर तो है, लेकिन सोच की कमी दिखाई देती है। उनका कहना है कि वह इस बात का हिसाब चाहती हैं कि जब इतनी सत्ता और संसाधन मौजूद हैं, तो लोगों की मूल समस्याओं का समाधान क्यों नहीं हो रहा।

चुनाव में पैसे और बाहुबल पर बोलीं दिव्या
दिव्या मित्तल ने चुनावी राजनीति में पैसे और बाहुबल के इस्तेमाल को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि चुनावों में जो पैसा खर्च किया जाता है, वह कहीं न कहीं जनता के संसाधनों से जुड़ा होता है। उनके मुताबिक यही पैसा सड़क, पुल और स्कूल जैसी सार्वजनिक सुविधाओं के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जनता को स्कूल, सड़क, पुल और सरकारी जमीनों का हिसाब मिलना चाहिए।

किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होंगी
दिव्या मित्तल ने यह भी स्पष्ट किया है कि फिलहाल वह किसी राजनीतिक पार्टी के साथ जाने की बात नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वह लोगों के लिए राजनीति करना चाहती हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों और उनके झंडों को लेकर भी सवाल उठाए। दिव्या ने कहा कि जिन झंडों के नीचे 80 साल में हिसाब नहीं बदला, उनके नीचे खड़े होकर हिसाब नहीं मांगा जा सकता। हालांकि, उनके इस बयान का राजनीतिक भविष्य में क्या स्वरूप होगा, यह आगे की उनकी गतिविधियों से स्पष्ट होगा।

स्कूल, सड़क और सरकारी जमीन का हिसाब मांगने की बात
दिव्या मित्तल ने कहा कि वह स्कूलों, सड़कों, पुलों और सरकारी जमीनों से जुड़े मामलों का हिसाब चाहती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जब लोगों की समस्याओं को लेकर चिंता नहीं होती, तो कई घटनाएं केवल हादसे नहीं रह जातीं, बल्कि उनके पीछे व्यवस्था और फैसलों पर भी सवाल उठते हैं।

जाति और धर्म की राजनीति पर क्या कहा?
दिव्या मित्तल ने जाति और धर्म के आधार पर राजनीति किए जाने को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी किसी व्यक्ति का नाम या पहचान पूछकर न्याय नहीं किया। उनके अनुसार पिछले कई दशकों से जाति और धर्म के आधार पर राजनीतिक समीकरण बनाए जाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि 80 साल तक समीकरण बनाए गए, लेकिन देश आगे बढ़ने के बजाय इन समीकरणों में उलझा रहा।

‘नई राजनीति एक आदमी नहीं बना सकता’
दिव्या मित्तल ने कहा कि नई राजनीति केवल किसी एक व्यक्ति के दम पर नहीं बनाई जा सकती। इसके लिए समाज के अलग-अलग वर्गों के लोगों का साथ जरूरी होगा। उन्होंने लोगों से राजनीति में खुद आगे आने की अपील करते हुए कहा कि लंबे समय से लोग किसी नेता या मसीहा का इंतजार करते रहे हैं। अब उनका कहना है कि जिस व्यक्ति का इंतजार किया जा रहा था, वह कोई एक नेता नहीं, बल्कि हम खुद हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दी जानकारी
दिव्या मित्तल ने अपने एक्स हैंडल पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि कुछ दिन पहले उन्होंने IAS पद से इस्तीफा दिया था और इसके बाद लोगों के मन में कई सवाल थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने इस वीडियो के जरिए अपनी बात लोगों के सामने रख दी है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर उन्हें लगता है कि यह उनकी भी आवाज है, तो वे उनसे संपर्क करें।उन्होंने वीडियो के साथ WhatsApp नंबर 9198956957 भी साझा किया है।

पहले इस्तीफे के बाद ही मिले थे राजनीतिक संकेत
दिव्या मित्तल के IAS पद से इस्तीफा देने के बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर चर्चा शुरू हो गई थी। अब उन्होंने खुद वीडियो जारी करके राजनीति में आने का ऐलान कर दिया है।फिलहाल उन्होंने उत्तर प्रदेश को अपनी राजनीतिक शुरुआत की जगह बताया है और किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल होने से इनकार किया है। अब यह देखना होगा कि वह आगे किस तरह अपना राजनीतिक संगठन या अभियान खड़ा करती हैं और जनता से किस तरह जुड़ती हैं।

Exit mobile version