Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

उत्तर प्रदेश में पहले देशी कट्टे बनते थे अब यहां तोप के गोले बनते हैं : अमित शाह

May 18, 2024

उत्तर प्रदेश में पहले देशी कट्टे बनते थे अब यहां तोप के गोले बनते हैं : अमित शाह

ललितपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को कहा कि एक जमाना था कि उत्तर प्रदेश में देशी कट्टे बनते थे लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने बुंदेलखंड में डिफेंस कॉरिडोर बनाया और अब यहां तोप के गोले बनते हैं। शाह झांसी लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अनुराग शर्मा के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे। शाह ने कहा, ‘‘मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री बने और उत्तर प्रदेश के विकास की शुरुआत हुई। एक जमाना था जब उत्तर प्रदेश में देशी कट्टे बनते थे लेकिन मोदी ने बुंदेलखंड में डिफेंस कॉरिडोर बनाया और अब यहां तोप के गोले बनते हैं।’’ उन्होंने कहा,‘‘ पाकिस्तान ने अगर कोई भी गलती की तो ये बुंदेलखंडी गोला पाकिस्तान पर गिरेगा और उसका सफाया कर देगा।

शाह ने कहा, ‘‘कांग्रेस के नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा है कि पाकिस्तान को सम्मान दो, उसके पास एटम बम है, उनसे पीओके (पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर) मत मांगों। मैं इनसे कहना चाहता हूं कि ये नरेन्द्र मोदी की सरकार है, हम एटम बम से नहीं डरते ,पीओके भारत का है, रहेगा और हम उसे लेकर रहेंगे। दरअसल हाल में एक वीडियो सार्वजनिक हुआ था जिसमें अय्यर यह कहते नजर आ रहे थे कि भारत को पाकिस्तान का सम्मान करना चाहिए क्योंकि वह एक संप्रभु राष्ट्र है और उसके साथ जुड़ना चाहिए क्योंकि उसके पास भी परमाणु बम है।


अय्यर ने वीडियो में कहा था कि अगर कोई पागल व्यक्ति वहां सत्ता में आता है और परमाणु बम का इस्तेमाल करता है तो यह अच्छा नहीं होगा और इसका असर यहां भी होगा। शाह ने दावा किया, चुनाव के चार चरण समाप्त हो चुके हैं। चार चरण में मोदी 270 सीट लेकर तीसरी सेंचुरी की ओर आगे बढ़ गए हैं और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के ‘इंडी’ गठबंधन का सूपड़ा साफ हो गया है। अब ये निश्चित हो गया है कि मोदी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं। झांसी में बीस मई को पांचवें चरण में चुनाव हैं ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें