Site icon Dainik Savera Times

UP में 2 मुठभेड़ : मेरठ से बसपा नेता पर फायरिंग का आरोपी और कन्नौज से लुटेरा बाबुद्दीन गिरफ्तार

Encounters in UP

Encounters in UP

Encounters in UP : उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को दो अलग-अलग पुलिस मुठभेड़ों में दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार किए गए, जिनमें से एक बसपा नेता पर हमले के मामले में वांछित था। एक मुठभेड़ मेरठ में जबकि दूसरी कन्नौज में हुई।

कुछ दिन पहले मेरठ में बसपा नेता इमरान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इमरान का जूतों का शोरूम था। आरोप है कि इमरान के घर पर कब्जा करने की नीयत से अपराधी शोएब ने अपने साथियों बिलाल और फरहान के साथ मिलकर फायरिंग की। मेरठ ग्रामीण एसपी राकेश मिश्रा के मुताबिक तीनों अपराधी पहले ही गिरफ्तार हो चुके थे। शुक्रवार को पुलिस की एक टीम फायरिंग में प्रयुक्त पिस्टल बरामद करने के लिए शोएब को लेकर पहुंची थी।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शोएब ने खेत में छिपाकर रखी पिस्टल से अचानक पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी। मुठभेड़ मवाना थाना क्षेत्र के औटोरा के जंगल में हुई। मौके से पिस्टल, कारतूस और बाइक बरामद हुई है। घायल शोएब को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दूसरी मुठभेड़ में कन्नौज पुलिस ने लूट में शामिल बदमाश को दबोच लिया। मुठभेड़ कन्नौज जिले के गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के नदसिया चौराहे पर तड़के सुबह हुई।

कन्नौज के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि सूचना के आधार पर चेकिंग अभियान चलाया गया था। इस दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। बाइक गिरने के बावजूद मुख्य आरोपी बाबुद्दीन फायरिंग करता रहा। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उसके पैर में गोली मार दी। उसका साथी रुस्तम मौके पर ही पकड़ा गया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों बदमाश कानपुर देहात के रूरा क्षेत्र के रहने वाले हैं। बाबुद्दीन हाल ही में 81 हजार रुपये की लूट में शामिल था और कई अन्य मामलों में वांछित था।

Exit mobile version