Site icon Dainik Savera Times

नई बनने वाली हर सड़क की पांच साल की हो गारंटी: CM Yogi

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अधिकारियों को निर्देश दिया कि समयबद्धता और गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए और नई बनने वाली हर सड़क की पांच साल की गारंटी होनी चाहिए। शुक्रवार को यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग की चालू, लंबित तथा भावी कार्य योजनाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि विभागीय मंत्री परियोजनाओं के नियमित अंतराल पर समीक्षा करें और क्षेत्र में दौरा करें। सड़क निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश की एफडीआर तकनीक की केंद्र सरकार ने सराहा, इसे लोक निर्माण विभाग में भी प्रभावी करें। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग के सभी राज्य मार्गों, जिला मार्गो एवं अन्य जिला मार्ग सहित समस्त ग्रामीण मार्गों की भी जीआईएस मैपिंग कराई जाए।

मुख्यमंत्री योगी ने जनहित से जुड़ी निर्माण परियोजनाओं को पूरी गुणवत्ता के साथ समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए सड़क बनाने वाली एजेंसी/ठेकेदार सड़क बनने के अगले पांच वर्ष तक उसके अनुरक्षण की जिम्मेदारी भी उठाए और इस बारे में नियम एवं शर्ते स्पष्ट रूप से उल्लिखित की जाएं।

Exit mobile version