
यूपी डेस्क। मऊ जिले के दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के मिर्जाहादीपुरा इलाके से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां, स्थित आजमी अस्पताल में देर रात चोरों ने बेहद दुस्साहसिक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने अस्पताल में तैनात सुरक्षा गार्ड को कुर्सी से बांधकर बंधक बना लिया और लाखों रुपये की डायलिसिस मशीन चोरी कर ली।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात
अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि चोर किस तरह से अस्पताल में घुसते हैं और मशीन को लारी (वाहन) में लादकर फरार हो जाते हैं। जैसे ही यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, इलाके में हड़कंप मच गया और लोग हैरान रह गए।
गार्ड को बनाया बंधक, फिर आराम से की चोरी
मिली जानकारी के अनुसार, देर रात कुछ अज्ञात चोर आजमी अस्पताल में दाखिल हुए। सबसे पहले उन्होंने वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड को काबू में लिया और उसे कुर्सी से बांध दिया। इसके बाद चोरों ने बिना किसी डर के डायलिसिस मशीन को बाहर निकाला और वाहन में रखकर मौके से फरार हो गए।
अस्पताल प्रबंधन और लोगों में दहशत
घटना के सामने आने के बाद अस्पताल प्रबंधन और स्थानीय लोगों में डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि अगर अस्पताल जैसी जगह पर इस तरह की वारदात हो सकती है, तो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
मामले को लेकर दक्षिण टोला थाना प्रभारी बसंत लाल ने बताया कि चोरी गई डायलिसिस मशीन पुरानी थी, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 15 से 17 लाख रुपये बताई जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक थाने में कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है।
तहरीर के बाद होगी आगे की कार्रवाई
पुलिस ने अस्पताल मालिक को थाने बुलाया है। तहरीर मिलने के बाद मामले में विधिक कार्रवाई शुरू की जाएगी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर लिया जाएगा।