Site icon Dainik Savera Times

आग का गोला बनी कार, एक ही परिवार के 5 लोग जिन्दा जले

Fire in Car

Fire in Car

Fire in Car : उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के जहांगीराबाद थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोग जिंदा जल गए और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा जहांगीराबाद-बुलंदशहर मार्ग पर गांव जानीपुर के पास हुआ, जब एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी पुलिया से टकरा गई और उसमें आग लग गई।

पुलिस के मुताबिक हादसा सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। कार सवार छह लोग बदायूं जिले के सहसवान थाना क्षेत्र के चमनपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद दिल्ली के मालवीय नगर लौट रहे थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि चालक को नींद आ गई और कार अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराकर पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार में तुरंत आग लग गई, जिसने कुछ ही देर में पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।

सूचना मिलते ही जहांगीराबाद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार सवार पांच लोगों की जलकर मौत हो चुकी थी। हादसे में जीवित बची एकमात्र महिला 28 वर्षीय गुलनाज को गंभीर हालत में बाहर निकालकर जहांगीराबाद स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।

बुलंदशहर के एसपी ग्रामीण डॉ. तेजवीर सिंह ने बताया कि मृतकों के शव कब्जे में लेकर पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। शुरुआती जांच में पुलिस ने चालक की लापरवाही को हादसे की मुख्य वजह माना है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि कार पूरी तरह जलकर राख हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण कोई मदद नहीं कर सका। हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। मृतकों के परिजन गमगीन हैं। पुलिस ने मृतकों की पहचान कर उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Exit mobile version