Site icon Dainik Savera Times

मथुरा में एक ही परिवार के 5 लोगों ने जहर खाकर की खुदकुशी, रसोई की दीवार पर लिखा था सुसाइड नोट

Mathura Crime News

Mathura Crime News

यूपी डेस्क। मथुरा जिले के महावन थाना क्षेत्र के गांव खप्परपुर में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां, गांव के एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव उनके घर के अंदर मिले, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मरने वालों में 35 वर्षीय मनीष, उनकी 32 वर्षीय पत्नी सीमा और उनके तीन छोटे बच्चे शामिल हैं। बच्चों में 5 साल की बेटी हनी, 4 साल की बेटी प्रियांशी, और 2 साल का बेटा पंकज शामिल था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पांचों ने जहर खाकर आत्महत्या की।

खेती करके परिवार चलाते थे मनीष
मनीष गांव में खेती का काम करते थे और इसी से अपने परिवार का गुजारा करते थे। पड़ोसियों के अनुसार परिवार सामान्य रूप से रहता था, लेकिन अंदर ही अंदर क्या परेशानी चल रही थी, इसकी जानकारी किसी को नहीं थी।

रसोई की दीवार पर मिला सुसाइड नोट जैसा संदेश
घर की रसोई की दीवार पर लिखा मिला- “हम स्वयं आत्महत्या कर रहे हैं।” इस संदेश के बाद यह साफ हुआ कि यह कदम परिवार ने खुद उठाया है, लेकिन इसके पीछे की वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है।

पुलिस जांच में जुटी
सुबह करीब 10 बजे पुलिस को घटना की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची और घर को जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। परिवार आर्थिक, मानसिक या किसी अन्य परेशानी से जूझ रहा था या नहीं-इन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।

घर के पास ही रहते हैं परिवार के अन्य सदस्य
मनीष के घर के पास ही उनके दो भाई भी रहते हैं। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले उनके पिता का निधन हो गया था। पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या पारिवारिक या अन्य तनाव इस दुखद घटना की वजह बना।

पूरे गांव में शोक और सन्नाटा
इस घटना के बाद गांव खप्परपुर में शोक का माहौल है। एक साथ पांच लोगों, वो भी तीन मासूम बच्चों की मौत ने हर किसी को अंदर तक हिला दिया है।

 

Exit mobile version