Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

घर में आग लगने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत

May 10, 2023

घर में आग लगने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत

गोरखपुर (उप्र): उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र के माघी मठिया गांव में बुधवार दोपहर भीषण आग लगने से एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गयी और तीन अन्य घायल हो गये। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए प्रत्येक मृतक के परिजन को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है.

कुशीनगर के जिलाधिकारी रमेश रंजन ने बताया कि माघी मठिया गांव के एक घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच सदस्यों की मौत हो गई और तीन अन्य झुलस गए, जिनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उन्होंने बताया कि मरने वालों में शेर मोहम्मद की पत्नी और उसके चार बच्चे शामिल हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन पीड़ितों को हर संभव मदद मुहैया करा रहा है और मुश्किल की घड़ी में उनके साथ खड़ा है।

जिलाधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री ने प्रत्येक मृतक के परिजन को चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है । घटना के समय परिवार के सभी सदस्य दोपहर में एक कमरे में सो रहे थे। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में जारी एक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद कुशीनगर में हुए आग से हुई जनहानि पर गहरा दुख प्रकट किया है।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं, साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी करने के निर्देश दिए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें