Last Updated: September 27, 2026

Dainik Savera Times Logo

गोण्डा में पुलिस मुठभेड़ में चार लुटेरे गिरफ्तार

September 26, 2023

गोण्डा में पुलिस मुठभेड़ में चार लुटेरे गिरफ्तार

गोण्डाः उत्तर प्रदेश में गोण्डा जिले के नवाबगंज क्षेत्र में फाइनेंस कंपनी के अभिकर्ताओं संग हुई लूट में शामिल चार बदमाशों को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधीक्षक अंकित मित्तल ने मंगलवार को बताया कि 22 सितम्बर को एक फाइनेंस कंपनी के अभिकर्ता अरविंद कुमार अपने एक अन्य साथी संग अयोध्या कार्यालय जा रहे थे कि चारों लुटेरों ने उनसे असलहे की नोंक पर एक लाख 10 हजार रुपए लूट लिये और मौके से फरार हो गए थे।

पीड़ित एजेंट की तहरीर पर पुलिस मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश में जुट गयी। एसपी ने बताया कि एसओजी टीम व नवाबगंज पुलिस से मिली सूचना के आधार पर पुलिस गश्ती दल ने सोमवार देर रात नगवा मोड़ के समीप गोसाई पुरवा के पास बदमाशों को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायर कर भागने का प्रयास किया। इस दौरान जवाबी फायरिंग में बदमाश करन यादव और अभिषेक सिंह के पैर गोली लग गयी और दोनों घायल हो गये।

घेराबंदी कर पुलिस टीम ने घायल बदमाशों के साथ इनके दो अन्य साथी लल्ला और अभय को गिरफ्तार कर लिया। घायल दोनों बदमाशों को पुलिस अभिरक्षा में जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर लूट में प्रयुक्त असलहे और लूटी गयी रकम भी बरामद कर ली गयी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें