Site icon Dainik Savera Times

Greater Noida: यमुना एक्सप्रेसवे पर कार ने तीन को रौंदा, एक की मौत

नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर खुर्जा अंडरपास के पास एक तेज रफ्तार कार ने तीन लोगों को रौंद दिया जिनमें से एक की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कार के चालक को हिरासत में ले लिया गया है और गाड़ी चलाते वक्त उसकी आंख लग गई थी जिस वजह से यह दुर्घटना हुई। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि यमुना एक्सप्रेसवे पर जेवर थाना क्षेत्र के तहत आने वाले खुर्जा अंडरपास के पास रविवार शाम तीन लोग बस का इंतजार कर रहे थे, तभी एक कार ने उन्हें टक्कर मारी दी। उन्होंने बताया कि तीनों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान सुरेश सिंह (37) ने दम तोड़ दिया जबकि दो अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है।

स्थानीय पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि कार पर दिल्ली की नंबर प्लेट लगी थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी चालक राजा कुमार एक बैंक का कर्मी है और उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 304ए (लापरवाही की वजह से मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने कहा, जांच के दौरान चालक ने बताया कि एक्सप्रेस-वे पर गाड़ी चलाते समय उसकी आंख लग गई थी जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी को एक अदालत से ज़मानत मिल गई है।

Exit mobile version