Site icon Dainik Savera Times

बारातियों से भरी बस और ट्रक की भीषण टक्कर, 6 की मौत, 7 घायल, मची चीख-पुकार

accident

accident

Hapur bus accident: उत्तर प्रदेश में हापुड़ जिले के थाना धौलाना क्षेत्र में सोमवार सुबह बारातियों से भरी बस और ट्रक में टक्कर हो गई। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और सात लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के डासना से बुलंदशहर के गुलावठी गई एक बारात शादी समारोह के बाद वापस लौट रही थी, तभी कपूरपुर-धौलाना मार्ग पर तेज रफ्तार के कारण बस अनियंत्रित होकर एक हाइड्रा ट्रक से जा टकराई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक अनियंत्रित होकर बस के ऊपर ही पलट गया। इससे बस में सवार यात्री ट्रक के भारी वजन और मलबे के नीचे दब गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग तुरंत मदद के लिए दौड़ पड़े। इस दर्दनाक हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 7 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसपी हापुड़ कुंवर ज्ञानंजय सिंह सहित करीब छह थानों की पुलिस फोर्स तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

ये भी पढ़ें- Strait of Hormuz पर ईरान की कड़ी चेतावनी, कहा- किसी भी गलत हरकत के होंगे घातक परिणाम

 

बस के उड़े परखच्चे
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बस में फंसे लोगों को निकालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। राहत और बचाव कार्य के दौरान कई यात्रियों को मलबे के नीचे से बाहर निकाला गया।

मृतकों के शवों का होगा पोस्टमार्टम
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों को एंबुलेंस के जरिए नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों का इलाज रामा मेडिकल कॉलेज, जीएस मेडिकल कॉलेज और सीएचसी धौलाना में चल रहा है।

ये भी पढ़ें- कहीं बारिश तो कहीं लू का अलर्ट, जानें आपके राज्य में कैसा रहेगा मौसम

घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में करवाया भर्ती
एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बताया, “धौलाना-गुलावठी मार्ग पर लोग गुलावठी से एक बारात से लौट रहे थे। डासना के निवासियों को ले जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किए गए और घायलों को अस्पतालों में भेजा गया। छह घायल व्यक्तियों को मृत घोषित कर दिया गया जबकि सात अन्य का अस्पतालों में इलाज चल रहा है। कुछ लोग रामा मेडिकल कॉलेज में, कुछ जीएस मेडिकल कॉलेज में और अन्य धौलाना के अस्पतालों में भर्ती हैं। यहां उनकी हालत सही बताई जा रही है।”

Exit mobile version