Site icon Dainik Savera Times

हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर रोडवेज बस की टक्कर से दो लोगों की मौत, पांच घायल

हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के हरदोई-बिलग्राम मार्ग पर कसरावा पेट्रोल पंप के निकट शुक्रवार सुबह रोडवेज बस की चपेट में आने से ई-रिक्शा सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे कोतवाली क्षेत्र में हुए हादसे में घायल सात लोगों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय हरदोई भेजा गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने दिनेश निवासी तेरिया, थाना सांडी और लाल निवासी जरौली शेरपुर, थाना बिलग्राम को मृत घोषित कर दिया। पांच अन्य घायलों का जिला चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, कानपुर डिपो की रोडवेज बस ने ई-रिक्शा को टक्कर मारी,जिससे यह हादसा हुआ। बस को कब्जे में लिया गया है। हादसे के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version