Site icon Dainik Savera Times

बहराइच में सड़क दुर्घटना में पति-पत्नी, बच्ची की मौत, पांच बच्चियां घायल

बहराइचः उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में कोतवाली देहात इलाके में एक वाहन की टक्कर में मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी और उनकी चार माह की बच्ची की मौत हो गई वहीं उनकी पांच बच्चियां घायल हो गईं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार रामगांव थानांतर्गत काजीजोत निवासी दुर्गेश (32) पत्नी शकुंतला (30) व छह बच्चियों को लेकर सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात मोटरसाइकिल से पास ही एक स्थान पर जा रहे थे, तभी देहात कोतवाली अंतर्गत सरयू नदी के निकट बाईपास रोड पर उनकी मोटरसाइकिल एक अन्य वाहन से टकरा गई। मोटरसाइकिल पर कुल आठ लोग सवार थे।

उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में दंपति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि घायल बच्चियों को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल दो बच्चियों को लखनऊ के लिए रेफर किया गया। उन्होंने बताया कि इनमें से एक बच्ची की लखनऊ ले जाने के क्रम में मौत हो गई। दंपति की बेटियों की उम्र चार माह से 10 वर्ष के बीच बताई गई है। अपर पुलिस अधीक्षक (Rural) पवित्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि ‘‘घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, उसकी तलाश जारी है।

Exit mobile version