Site icon Dainik Savera Times

महाकुंभ के जनसैलाब को देखते हुए CM Yadav की अपील, प्रशासन के दिशा निर्देशों का करें पालन

CM Mohan Yadav

CM Mohan Yadav

Maha Kumbh 2025 : मौनी अमावस्या के अवसर पर आज उत्तरप्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ के दौरान मध्यप्रदेश-उत्तरप्रदेश की सीमा पर स्थित राज्य के रीवा में भी उमड़ रहे जनसैलाब को देखते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन के दिशानिर्देशों का पालन करें और संयम बनाए रखें।

सीएम यादव ने एक्स पोस्ट में कहा, कि ‘प्रयागराज महाकुंभ: आज मौनी अमावस्या के महापर्व पर तीर्थराज प्रयाग में देश-विदेश से पधारे करोड़ों श्रद्धालु पवित्र स्नान करने पहुंच रहे हैं। स्नान पर्व को दृष्टिगत रखते हुए रीवा जिले अंतर्गत मध्यप्रदेश-उत्तरप्रदेश की सीमा पर श्रद्धालुओं के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रयागराज में भीड़ अधिक होने के कारण आज रीवा जिले के चाकघाट थाना अंतर्गत सीमा पर हजारों श्रद्धालुओं के वाहन सीमा पर रुके हुए हैं।

हमारे पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं, जो वहां सभी श्रद्धालुओं के खाने-पीने से लेकर ठहरने की समुचित व्यवस्था का ध्यान रख रहे हैं, साथ ही स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के लिए डॉक्टरों की टीम को भी मौके पर उपलब्ध कराया गया है।‘‘ उन्होंने कहा कि वे सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हैं कि प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करें एवं संयम बनाए रखें।

रीवा मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश का सीमावर्ती जिला है। मध्यप्रदेश समेत कई राज्यों के हजारों श्रद्धालु रीवा तक ट्रेन की यात्रा कर वहां से सड़क मार्ग से प्रयागराज तक पहुंच रहे हैं। इसी को देखते हुए रीवा में भी इन दिनों जनसैलाब उमड़ रहा है।

Exit mobile version