नेशनल डेस्क : गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के हिंडन एयरपोर्ट से अब देश के आठ प्रमुख शहरों के लिए इंडिगो एयरलाइंस सीधी फ्लाइट्स शुरू करने जा रही है। यह जानकारी इंटरग्लोब एविएशन लिमिटेड (जो इंडिगो की पैरेंट कंपनी है) ने एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए दी है। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
उड़ानें कब से शुरू होंगी ?
आपको बता दें कि इंडिगो की ये नई सीधी उड़ानें 20 जुलाई, 2025 से शुरू होंगी। ये उड़ानें हिंडन एयरपोर्ट से सीधे इन शहरों तक जाएंगी।
- अहमदाबाद
- बेंगलुरु
- चेन्नई
- इंदौर
- कोलकाता
- मुंबई
- पटना
- वाराणसी
सप्ताह में 70 से ज़्यादा उड़ानों का संचालन
दरअसल, इंडिगो के ग्लोबल सेल्स हेड विनय मल्होत्रा ने कहा, “हिंडन से उड़ानों की शुरुआत हमारे लिए एक रणनीतिक कदम है। इससे इस क्षेत्र के लाखों लोगों को एक नया हवाई रास्ता मिलेगा।” उन्होंने यह भी बताया कि इन शहरों के लिए सप्ताह में 70 से अधिक उड़ानें चलाई जाएंगी। यह कदम खासतौर पर उन यात्रियों के लिए फायदेमंद होगा जो गाजियाबाद, नोएडा, पूर्वी दिल्ली और पश्चिमी यूपी में रहते हैं।
क्यों चुना गया हिंडन एयरपोर्ट?
इंडिगो ने हिंडन एयरपोर्ट को कई कारणों से चुना यह नोएडा और पूर्वी दिल्ली जैसे आर्थिक रूप से अहम इलाकों के पास है। यहाँ से औद्योगिक एस्टेट, कॉलेज, यूनिवर्सिटी और रिहायशी इलाके नजदीक हैं। दिल्ली के मुकाबले यहाँ से सफर कम भीड़ और समय की बचत वाला होगा।
यात्रियों को क्या फायदा होगा?
-पूर्वी दिल्ली और पश्चिमी यूपी के यात्रियों को अब IGI (इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट) तक नहीं जाना पड़ेगा।
-ट्रैफिक और सफर में लगने वाला समय बचेगा।
-क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और कारोबार को बढ़ावा मिलेगा।
-छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और कारोबारियों को हवाई यात्रा के लिए एक नया विकल्प मिलेगा।
इंडिगो का नेटवर्क कितना बड़ा है ?
फिलहाल इंडिगो दिल्ली से 1500 से ज़्यादा साप्ताहिक उड़ानें संचालित करती है। कंपनी के नेटवर्क में 85 से अधिक घरेलू और अंतरराष्ट्रीय गंतव्य हैं। हिंडन एयरपोर्ट अब इंडिगो का 93वां घरेलू और 136वां कुल स्टेशन बन गया है।
इंडिगो के शेयर और मार्केट में स्थिति
NSE पर इंडिगो का शेयर 04% गिरकर ₹5,271 पर बंद हुआ। पिछले 12 महीनों में इसमें 67% की बढ़त हुई है। 23 में से 19 विश्लेषकों ने इसे ‘Buy’ (खरीदें) की रेटिंग दी है। विश्लेषकों का अनुमान है कि अगले 12 महीनों में शेयर में और 14% की संभावित वृद्धि हो सकती है।
हिंडन से उड़ानें – एक बड़ी सुविधा
इंडिगो की यह पहल गाजियाबाद और आसपास के इलाकों के लिए बेहद फायदेमंद है। इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बढ़ेगी, ट्रैवलिंग आसान होगी और समय के साथ एयरलाइन उद्योग को भी मजबूती मिलेगी। अगर आप हिंडन एयरपोर्ट से किसी यात्रा की योजना बना रहे हैं, तो 20 जुलाई 2025 के बाद इन सीधी उड़ानों का लाभ ज़रूर उठाएं।

