Site icon Dainik Savera Times

जनता दर्शनः सरकार जरूरतमंदों के साथ, हर उचित समस्या का समाधान करेगी: सीएम योगी

cm yogi

गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को कहा कि सरकार जरूरतमंदों के साथ है और हर उचित समस्या का समाधान करेगी। योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित दिग्विजय नाथ स्मृति भवन के बाहर ‘जनता दर्शन’ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से अपनी पीड़ा लेकर पहुंचे 200 फरियादियों से यह बात कही। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक मुख्यमंत्री ने एक-एक कर सभी की समस्या सुनी और उचित निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया।

 

मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों को मामलों के निस्तारण का निर्देश दिया और कहा कि सभी समस्याओं का निस्तारण निष्पक्ष और समयसीमा के भीतर होना चाहिए।
‘जनता दर्शन’ में पुलिस व राजस्व संबंधी शिकायतों पर योगी ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि राजस्व संबंधी शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। किसी भी स्तर पर शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे लोगों से मुख्यमंत्री ने कहा, ” आप परिजनों के स्वास्थ्य पर ध्यान दें। इलाज की चिंता सरकार पर छोड़ दें, सरकार इलाज में मदद करेगी। जरूरतमंद लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा और लोगों को विवेकाधीन कोष से भी सहायता दिलाई जाएगी।” मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हर जरूरतमंद, पात्र व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड बनवाने का निर्देश दिया।

Exit mobile version