Site icon Dainik Savera Times

AI से महाकुंभ में श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम बनाई जाएगी: प्रमुख सचिव

Global Maha Kumbh

Global Maha Kumbh

प्रयागराज। अगले साल जनवरी में यहां होने जा रहे महाकुंभ मेले की तैयारियों का जायजा लेने संगम क्षेत्र पहुंचे प्रमुख सचिव (नगर विकास) अमृत अभिजात ने बुधवार को कहा कि इस बार मेले में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) और सूचना प्रौद्योगिकी की मदद से श्रद्धालुओं की यात्रा बहुत सुगम बनाई जाएगी। मेला प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि सरकार मेले में भीड़ प्रबंधन के लिए एआई से युक्त कैमरे लगाएगी। वहीं यात्री सुविधाओं के लिए अन्य सूचना प्रौद्योगिकियों का उपयोग किया जाएगा।

यहां प्रयागराज मेला प्राधिकरण में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक के बाद प्रमुख सचिव ने संवाददाताओं को बताया कि कुंभ मेले की तैयारी के लिहाज से अगले 40-45 दिन बहुत महत्वपूर्ण हैं तथा अगले 10 नवंबर तक तैयारियां पूरी हो जाएंगी। उन्होंने कहा, चार-पांच विभाग सड़कों के चौड़ीकरण का काम कर रहे हैं। बारिश की वजह से काम धीमा रहा। करीब 34 विभाग मेले के लिए काम कर रहे हैं। हमें पिछले कुंभ के मुकाबले डेढ़ से दोगुना यातायात अधिक रहने की उम्मीद है। अमृत अभिजात ने बताया कि मेले की तैयारी को लेकर प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए बैठक हो रही है। उन्होंने कहा कि इस बार कुंभ मेले में लोगों के स्वागत के लिए बनने वाले गेट बहुत सुंदर होंगे और सरकार एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता) का उपयोग बहुत व्यापक तरीके से करेगी।

प्रमुख सचिव ने बताया कि वेब टेक्नोलॉजी, व्हाट्सऐप और सूचना प्रौद्योगिकी के माध्यम से श्रद्धालुओं की यात्र बहुत सुगम बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इसके अलावा, स्वास्थ्य और पेयजल आदि में काफी सुधार देखने को मिलेगा। मानसून के प्रस्थान के साथ अब मेले की तैयारी को लेकर युद्ध स्तर पर काम होगा।
मंगलवार शाम प्रयागराज पहुंच प्रमुख सचिव (नगर विकास) ने देर रात परियोजनाओं का निरीक्षण किया। बुधवार को उन्होंने मेला प्राधिकरण में अधिकारियों की बैठक ली जिसमें कुंभ मेलाधिकारी विजय किरण आनंद, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग सहित सभी विभागों के शीर्ष अधिकारी मौजूद थे।

Exit mobile version