Site icon Dainik Savera Times

कचौड़ी बेचने वाला निकला 22 करोड़ का मालिक, महाठग का राज जान उड़ जाएंगे सभी के होश

यूपी डेस्क। कानपुर पुलिस के हाथ लगा महाठग Ravindra Nath Soni बाहर से जितना साधारण दिखता था, अंदर से उतना ही शातिर निकला। गिरफ्तारी के बाद उसने खुद को गरीब, मजबूर और कचौड़ी का ठेला लगाने वाला आदमी बताया। उसने कहा कि वह खुद ठगा गया है और असली पैसा उसके साथियों ने हड़प लिया। लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, उसकी यह कहानी पूरी तरह झूठ साबित हो गई। आइये इसे विस्तार से जानते हैं…

देहरादून के फ्लैट से खुली असली सच्चाई
कानपुर से गिरफ्तारी के बाद SIT टीम सबसे पहले देहरादून पहुंची। वहां सोनी का एक आलीशान फ्लैट था, जिसमें उसकी पत्नी और बेटी रहती थीं। हालांकि पुलिस को वहां जरूरी कागजात नहीं मिले, क्योंकि सोनी पहले ही उन्हें हटा चुका था, लेकिन घर की भव्यता ने साफ कर दिया कि वह किसी भी हालत में गरीब नहीं था।

जांच में सामने आया कि सोनी के पास दिल्ली के करोल बाग में दुकानें, एनसीआर में महंगे लग्ज़री फ्लैट, दुबई में करोड़ों के दो अपार्टमेंट, दुबई के दो बैंक खातों में करोड़ों रुपये जमा। यानी कचौड़ी का ठेला सिर्फ लोगों को बेवकूफ बनाने का एक नाटक था।

ब्लू-चिप निवेश के नाम पर बड़ी ठगी
सोनी लोगों को बड़ी कमाई का लालच देता था। वह खुद को साधारण आदमी बताकर भरोसा जीतता और फिर ब्लू-चिप कंपनियों में निवेश के नाम पर उनसे करोड़ों रुपये ठग लेता। उसका तरीका इतना चालाक था कि लोग बिना शक किए अपनी जमा-पूंजी उसे सौंप देते थे।

अमेरिका, दुबई और दिल्ली तक फैला नेटवर्क
जब पुलिस ने सोनी का मोबाइल और डिजिटल डेटा खंगाला, तो एक अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क सामने आया। पुलिस के हाथ अमेरिका में रहने वाली गुरमीत कौर की तस्वीरें लगीं। पुलिस को शक है कि विदेश में पैसा भेजने में उसकी अहम भूमिका थी। अब वह इस ठगी नेटवर्क की बड़ी कड़ी मानी जा रही है।

अब तक 22 करोड़ की संपत्ति सामने आई
कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि अब तक सोनी की 22 करोड़ रुपये की संपत्ति सामने आ चुकी है। यह सिर्फ शुरुआती आंकड़ा है। असली संपत्ति इससे कई गुना ज्यादा हो सकती है। दिल्ली, एनसीआर और दुबई की सभी संपत्तियों की जांच और सीलिंग की प्रक्रिया तेज कर दी गई है।

हाई-प्रोफाइल पार्टियों में शिरकत करता था सोनी
देहरादून में जांच कर रहे एसीपी आशुतोष सिंह ने बताया कि सोनी कई हाई-प्रोफाइल पार्टियों में शामिल होता था। पुलिस के पास अब पार्टी के वीडियो, तस्वीरें, गेस्ट लिस्ट सबूत के तौर पर मौजूद हैं, जो उसकी आलीशान जिंदगी को दिखाते हैं।

6 एफआईआर, 700 से ज्यादा पीड़ित
अब तक 6 एफआईआर दर्ज, 700 से ज्यादा पीड़ित सामने आए, ठगी का दायरा केरल, दिल्ली, मुंबई, गुजरात, दुबई, अमेरिका, कनाडा, जापान तक पुलिस को आशंका है कि ठगी की कुल रकम हजारों करोड़ रुपये तक हो सकती है।

कौन है रविंद्र नाथ सोनी
रविंद्र नाथ सोनी एक ऐसा ठग है जो साधारण कपड़े पहनता था। मासूम चेहरा बनाकर बात करता था। खुद को आम आदमी बताता था। यही उसकी सबसे बड़ी चाल थी। लेकिन देहरादून और दिल्ली की लग्ज़री जिंदगी ने उसकी असली पहचान उजागर कर दी।

Exit mobile version