कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के शिवराजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक बड़ा हड़कंप मच गया। फर्रुखाबाद की ओर जा रही 15039 कासगंज एक्सप्रेस में अचानक आग लगने की अफवाह फैल गई। अफवाह सुनते ही ट्रेन में बैठे यात्रियों के बीच डर और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। कई यात्री इतने घबरा गए कि उन्होंने चलती ट्रेन से नीचे कूदने तक की कोशिश की। जानकारी के अनुसार, कासगंज एक्सप्रेस अनवरगंज से कासगंज की ओर जा रही थी। जब ट्रेन शिवराजपुर के पास पहुंची, तभी रेलवे ट्रैक पर डाली गई नई गिट्टी की धूल तेज हवा के कारण उड़ने लगी। कुछ यात्रियों को यह धूल धुएं जैसी दिखाई दी। इसी बीच ट्रेन में मौजूद एक यात्री ने जोर से कह दिया कि ट्रेन में आग लग गई है। देखते ही देखते यह बात पूरे कोच में फैल गई और यात्रियों में डर का माहौल बन गया।
यात्रियों में मची अफरा-तफरी
आग की खबर सुनते ही कई यात्री अपनी सीट छोड़कर इधर-उधर भागने लगे। कुछ लोग दरवाजों की तरफ दौड़ पड़े। घबराहट के माहौल में किसी यात्री ने ट्रेन की चेन खींच दी, जिससे ट्रेन रुक गई। ट्रेन की रफ्तार कम होते ही कई यात्री नीचे उतर गए, जबकि कुछ लोग डर के कारण ट्रेन से कूद पड़े। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं मिली।
मौके पर पहुंची पुलिस और रेलवे टीम
घटना की जानकारी मिलते ही शिवराजपुर पुलिस और रेलवे कर्मचारियों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने पूरे ट्रेन की जांच की, लेकिन कहीं भी आग लगने जैसी कोई बात सामने नहीं आई। जांच में पता चला कि ट्रैक पर उड़ रही गिट्टी की धूल को यात्रियों ने धुआं समझ लिया था, जिससे भ्रम की स्थिति पैदा हुई।
स्टेशन मास्टर ने क्या कहा…
स्टेशन मास्टर ने बताया कि ट्रेन में आग लगने की कोई घटना नहीं हुई थी। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन को कुछ देर रोककर पूरी जांच की गई। सब कुछ सामान्य मिलने के बाद ट्रेन को उसके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।
अफवाह फैलाने वाले की तलाश जारी
शिवराजपुर थाना प्रभारी अमित सिंह ने बताया कि जिस यात्री ने आग लगने की अफवाह फैलाई थी, उसकी पहचान की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में यात्री घबराकर ट्रेन से उतरते और भागते दिखाई दे रहे हैं।

