Last Updated: October 10, 2026

Dainik Savera Times Logo

Kanwar Yatra 2025 : कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियों में जुटा पुलिस प्रशासन

June 17, 2025

Kanwar Yatra 2025 : कांवड़ यात्रा को लेकर तैयारियों में जुटा पुलिस प्रशासन

Kanwar Yatra 2025 : बस्ती। उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यहां 5 लाख के आसपास कांवड़िए अयोध्या से जलभर बाबा भद्रेश्वर नाथ मंदिर में शिव रात्रि के दिन जलाभिषेक करते हैं। अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने यह जानकारी दी। बस्ती जिले के अपर पुलिस अधीक्षक ओपी सिंह ने बताया कि अगले माह 11 जुलाई से सावन शुरू हो रहा है। बस्ती से शिवरात्रि के विशेष अवसर पर करीब 5 लाख कांवड़िए अयोध्या से जल लेकर भद्रेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक करते हैं।

उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि जिले में कई अन्य मंदिर हैं, जहां पर हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक करते हैं। सावन माह को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर व्यापक रूप से सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी कर रही है। एनएचआई, मेला प्रशासन, और कांवड़ समिति से बातचीत कर कांवड़ यात्रा सुरक्षित हो, इसको लेकर तैयारी कराते हैं। प्रशासन का मकसद श्रद्धालुओं की यात्रा को बेहतर बनाना है। पूरे रेंज से मिलने वाले पुलिस बल की समुचित तरीके से डय़ूटी लगाई जाती है। इस दौरान आम जनता को परेशानी न हो इसके लिए यातायात को भी डायवर्ट कराया जाता है।

बता दें कि कांवड़ यात्रा हिंदू धर्म में एक महत्वपूर्ण तीर्थयात्र है। यह विशेष रूप से भगवान शिव के भक्तों के लिए आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह यात्रा मुख्य रूप से सावन मास (जुलाई-अगस्त) में आयोजित होती है, जिसमें लाखों कांवड़िए गंगा नदी से पवित्र जल लेकर शिव मंदिरों, जैसे हरिद्वार के नीलकंठ महादेव, वैद्यनाथ धाम या स्थानीय शिवालयों में चढ़ाते हैं।

कांवड़ यात्रा भगवान शिव के प्रति गहरी भक्ति और समर्पण का प्रतीक है। माना जाता है कि गंगा जल से शिवलिंग का अभिषेक करने से पापों का नाश होता है, मनोकामनाएं पूरी होती हैं और शिव का आशीर्वाद प्राप्त होता है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें