Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिजनौर में तेंदुए ने 9 साल की बच्ची पर किया हमला, मौत

December 19, 2023

बिजनौर में तेंदुए ने 9 साल की बच्ची पर किया हमला, मौत

बिजनौरः उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में नौ वर्षीय एक बच्ची पर तेंदुए ने हमला कर दिया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना नहटौर थाना क्षेत्र के बढ़ियोवाला गांव में सोमवार दोपहर को हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। मृत बच्ची की पहचान नैना के रूप में की गई है। तेंदुए के हमले के चलते नैना के चेहरे, गर्दन, पेट और पैरों पर घाव थे। उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तेंदुआ गांव के पास गन्ने के खेत में छिपा हुआ था।

बिजनौर प्रभागीय वन अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार की दोपहर में नौ साल की लड़की नैना जब खेत में काम कर रहे अपने पिता महेंद्र सिंह के पास जा रही थी, तभी तेंदुए ने उस पर पीछे से हमला कर दिया। ग्रामीण उसकी मदद के लिए दौड़ पड़े और शोर मचा दिया। तब तेंदुआ उसे छोड़कर गन्ने के खेत में चला गया। लोगों ने लड़की को धामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि तेंदुए को पिछले तीन दिनों से इस इलाके में देखा जा रहा है। तेंदुए को बढ़ियोवाला गांव के पास देखा गया था। लोगों ने वन अधिकारियों से तेंदुए को पकड़ने की मांग की है। डीएफओ ने कहा कि तेंदुए को पकड़ने का अभियान शुरू कर दिया गया है। जल्द ही तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा। बताया जा रहा है कि नैना का पिता महेंद्र सिंह झारखंड निवासी है, जो बढ़ियोवाला गांव निवासी अरविंद चौहान नामक व्यक्ति के गन्ने के खेत में मजदूरी करने आया था।

इससे पहले 1 दिसंबर को बिजनौर जिले के हीमपुर दीपा थाना क्षेत्र के सब्दलपुर रेहरा गांव में 14 वर्षीय लड़का अफेजल अपने साथी बच्चों के साथ गांव के बाहर पेड़ से अमरूद तोड़ रहा था, तभी तेंदुए ने हमला कर दिया था। तेंदुए ने लड़के को 100 मीटर तक घसीटा था और शोर-शराबा होने पर उसे छोड़कर भाग गया था। बाद में लड़के ने दम तोड़ दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें