Site icon Dainik Savera Times

श्री बांके बिहारी मंदिर कॉरिडोर को लेकर हेमा मालिनी के बयान पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई

मथुरा: मथुरा जिले के वृन्दावन में स्थित श्री बांके बिहारी मंदिर में प्रस्तावित कॉरिडोर निर्माण को लेकर जहां सेवायत गोस्वामी, स्थानीय नागरिक और व्यवसायी लगातार विरोध कर रहे हैं, वहीं तनावपूर्ण माहौल के बीच भाजपा की स्थानीय सांसद हेमा मालिनी के एक कथित बयान ने स्थानीय नागरिकों की नाराजगी और बढ़ा दी है। अभिनेत्री एवं भाजपा सांसद हेमा मालिनी का बयान सोशल मीडिया पर सामने आया है। सोशल मीडिया पर सामने आई एक वीडियो में हेमा मालिनी को यह कहते हुए सुना जा सकता है ‘बांके बिहारी का कॉरिडोर बनेगा और जरूर बनेगा।’

हेमा मालिनी एक सवाल के जवाब में यह कहते भी सुनी जा सकती है कि जो विरोध कर रहे हैं, उनसे कहीं और जाकर बसने के लिए बोलना पड़ेगा। हम लोग बनाएंगे, जरूर बनाएंगे, बांके बिहारी का कॉरिडोर बनेगा। इस कथित बयान पर यहां विभिन्न वर्गो ने नाराजगी जताई है। श्री बांके बिहारी मंदिर के सेवायत ज्ञानेंद्र किशोर गोस्वामी ने भगवान कृष्ण द्वारा देवराज इंद्र के अभिमान को तोड़े जाने का उल्लेख करते हुए कहा, भगवान कृष्ण का लोगों को सिखाने का अपना तरीका है।

भगवान कृष्ण ने इंद्र के अभिमान को चूर-चूर कर दिया था। हेमा जी को हमें ब्रजभूमि छोड़ने के लिए कहते समय इस बात का ध्यान रखना चाहिए। सेवायत रसिक बिहारी गोस्वामी ने कहा, वह बांके बिहारी कॉरिडोर बनाने की योजना से प्रभावित लोगों से बात करने कभी नहीं आईं, लेकिन इतने अहंकार में हमें (यह स्थान) छोड़ने के लिए कह रही हैं। इस संबंध में सांसद हेमा मालिनी से उनकी प्रतिक्रिया लेने का कई बार प्रयास किया गया लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

ये भी देखें :- Gold Silver Price : सोने-चांदी की कीमतों में आज उतार-चढ़ाव जारी, जानें 1 ग्राम गोल्ड के Latest Rate

Exit mobile version