Site icon Dainik Savera Times

इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, शादी के कुछ महीनों बाद पति ने की आत्महत्या

Suicide

Suicide

भदोही। उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के गोपीगंज थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर शुरू हुए प्रेम संबंध के बाद शादी करने वाले किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि थाना क्षेत्र के धानापुर दक्षिणी कन्नौजिया बस्ती निवासी रमेश कन्नौजिया के पुत्र अनमोल कन्नौजिया (15) का करीब 10 माह पूर्व वाराणसी जिले के शहंशाहपुर, जक्खिनी निवासी रामलाल की पुत्री मनीषा राजभर से इंस्टाग्राम पर संपर्क हुआ था। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया और बाद में उन्होंने परिजनों को बताए बिना विवाह कर लिया। इसके बाद दोनों जंगीगंज के पास बड़गांव मोड़ पर किराए के मकान में रह रहे थे।

बताया जाता है कि रविवार रात दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया, जिसके बाद किशोर ने कमरे में साड़ी के फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतक के चाचा के अनुसार लड़की की मां का फोन आया था कि अनमोल फांसी लगाने जा रहा है। जब परिजन मौके पर पहुंचे और दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया तो वह अंदर से बंद था। दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर अनमोल को फंदे से लटका पाया गया।

सूचना पर थानाध्यक्ष शैलेश राय फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। अनमोल अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और हाईस्कूल की परीक्षा दे रहा था। उसके माता-पिता मुंबई में रहते हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

 

Exit mobile version