कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के कोखराज टोल प्लाजा पर एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जिसकी खौफनाक वीडियो सामने आई है। जिसमें देखा जा रहा है कि एलपीजी गैस से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हो गया। कुछ ही सेकंड बाद गैस ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते टैंकर आग के विशाल गोले में बदल गया। इस हादसे में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो लोग अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज में दिखी पूरी घटना
इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दो गैस टैंकर टोल प्लाजा की ओर आ रहे थे। तभी पीछे आ रहा एक टैंकर अचानक अनियंत्रित हो गया और डिवाइडर से जा टकराया।
Indian version of Final Destination going on Horrific scene.#PritamAndPedro#WelcomeToTheJungleInCinemas#StopForcingE20Fuel pic.twitter.com/xJcmx2FfcT
— sacram4death (@sacram4death) July 3, 2026
टक्कर के बाद टैंकर से तेजी से एलपीजी गैस निकलने लगी। गैस कुछ ही सेकंड में आसपास फैल गई और फिर अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि पूरे टोल प्लाजा के आसपास का इलाका उसकी चपेट में आ गया। वहां मौजूद कर्मचारियों और लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
कानपुर से वाराणसी जा रहा था टैंकर
जानकारी के अनुसार, यह हादसा 26 जून की सुबह करीब 7 बजे हुआ। एलपीजी गैस से भरा टैंकर कानपुर से वाराणसी की ओर जा रहा था। जैसे ही वह कोखराज टोल प्लाजा के पास पहुंचा, चालक का वाहन पर नियंत्रण बिगड़ गया और टैंकर डिवाइडर से टकरा गया। टक्कर के बाद लगी आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे टोल प्लाजा को अपनी चपेट में ले लिया।
चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत
इस हादसे में मिर्जापुर निवासी टैंकर चालक धर्मेंद्र द्विवेदी टैंकर के केबिन में ही फंस गए। आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। उनकी मौके पर ही जलकर मौत हो गई।
टोल कर्मचारियों को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया
हादसे के समय टोल प्लाजा पर ड्यूटी कर रहे पांच कर्मचारी आग की चपेट में आ गए। सभी गंभीर रूप से झुलस गए थे। उन्हें तुरंत प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया।
इलाज के दौरान तीन कर्मचारियों ने तोड़ा दम
घायलों में सबसे पहले टोल कर्मचारी आलोक सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इसके बाद रायबरेली निवासी हीरामणि सिंह और ललितपुर निवासी कृष्णपाल मौर्य ने भी अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस तरह इस हादसे में अब तक टैंकर चालक सहित चार लोगों की जान जा चुकी है।
दो कर्मचारियों का इलाज जारी
हादसे में घायल हुए दो अन्य टोल कर्मचारी, अतुल कुमार मिश्रा और अनिल, अभी भी प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती हैं। डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है। सामने आए सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का अहम हिस्सा बनाया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसा आखिर किन परिस्थितियों में हुआ।

