नेशनल डेस्कः उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक भीषण सड़क हादसे में माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब अबान अपने कुछ साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी जा रहा था। बताया जा रहा है कि वह झांसी जेल में बंद अपने भाई से मिलने के लिए निकला था। रास्ते में तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और हाईवे के डिवाइडर से जा टकराई।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार के उड़ गए परखच्चे
यह हादसा झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार काफी तेज गति से चल रही थी। अचानक चालक का वाहन पर नियंत्रण खत्म हो गया और कार सीधे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तुरंत अस्पताल भेजा गया, लेकिन डॉक्टरों ने अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू को मृत घोषित कर दिया।
हादसे में तीन अन्य लोग भी घायल
इस दुर्घटना में मोहम्मद जैद, उमर और एक अन्य व्यक्ति भी घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
अतीक अहमद के परिवार की मौजूदा स्थिति
अतीक अहमद के परिवार के कई सदस्य अलग-अलग मामलों में चर्चा में रहे हैं। वर्तमान स्थिति इस प्रकार है—
-अतीक अहमद का बेटा असद अहमद वर्ष 2023 में पुलिस एनकाउंटर में मारा गया था।
-बेटा अली अहमद झांसी जेल में बंद है। उसके खिलाफ करीब 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
-दूसरा बेटा उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद है, जिस पर 11 मुकदमे दर्ज बताए जाते हैं।
-बेटा एजम (या आइजम) फिलहाल जेल से बाहर है और अपनी पढ़ाई कर रहा है।
-सबसे छोटा बेटा अबान अहमद, जो जेल से बाहर था, अब इस सड़क हादसे में अपनी जान गंवा चुका है।
-अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन अभी भी फरार है। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है।
पुलिस कर रही है हादसे की जांच
पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में तेज रफ्तार हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। हालांकि, दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाने के लिए मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

