Last Updated: October 24, 2026

Dainik Savera Times Logo

महाकुंभ-2025 : एटीएस, कमांडो स्क्वाड और एसटीएफ की निगरानी में होगा भव्य आयोजन

October 20, 2024

महाकुंभ-2025 : एटीएस, कमांडो स्क्वाड और एसटीएफ की निगरानी में होगा भव्य आयोजन

लखनऊ/प्रयागराज। विश्व के सबसे बड़े सांस्कृतिक-धार्मकि आयोजन महाकुंभ-2025 को लेकर योगी सरकार तेज गति से तैयारियों को आगे बढ़ा रही है। प्रयागराज में अगले साल जनवरी माह में मकर संक्रांति पर्व से शुरू होने जा रहे महाकुंभ में पूरी दुनिया से आस्थावान हिन्दू पुण्य की डुबकी लगाने पहुंचेंगे। इसके साथ ही बड़ी संख्या में विश्व भर की बड़ी हस्तियां और राजनयिक भी इस आयोजन में शामिल होंगे। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर महाकुंभ में सुरक्षा के तगड़े बंदोबस्त किए जा रहे हैं। मेला क्षेत्र में जल, थल और नभ तक की सिक्योरिटी को फुलप्रूफ बनाया जा रहा है। ऐसे में योगी सरकार ने स्नाइपर, एनएसजी कमांडो, कमांडो स्क्वॉड, एटीएस, एसटीएफ, बीडीडीएस और स्निफर डॉग आदि को तैनात करने का फैसला लिया है।

महाकुंभ मेला एसएसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि महाकुंभ पूरी दुनिया का सबसे बड़ा आयोजन और आस्था का केंद्र है। ऐसे में पूरी दुनिया से 40 करोड़ श्रद्धालुओं समेत विशिष्ट अतिथि महाकुंभ में आएंगे। इसको ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद किया जा रहा है। इसी के तहत पूरे प्रयागराज, मेला क्षेत्र, प्रमुख स्थानों, मंदिरों और संगम पर विशेष फोर्स को तैनात किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कई देशों के राजनयिक महाकुंभ में शिरकत करेंगे। ऐसे में एंटी ड्रोन सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, मेला क्षेत्र में कई जगह बुलेट प्रूफ आउट पोस्ट बनायी जाएगी। यह पोस्ट मेला क्षेत्र के सभी एंट्री, एग्जिट प्वाइंट, पार्कगिं स्थल, प्रमुख मंदिर समेत अन्य स्थानों पर बनाई जाएगी। इसके अलावा एनएसजी कमांडो की 2 टुकड़ियां और 26 एएस चेक (एंटी सबोटाज) टीम तैनात की जाएगी। यह टीम पूरे शहर में चेकिंग आदि करेगी।

एसएसपी ने बताया कि मेला क्षेत्र में एटीएस कमांडो की 4 और एसटीएफ की 3 टुकड़ियों को तैनात किया जाएगा। इतना ही नहीं बम खोज एवं निरोधक दस्ता बीडीडीएस की 6 टीम भी मौजूद रहेंगी। विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा के लिए 20 स्नाइपर, 3 स्निफर डॉग, 4 स्वॉन दल को तैनात किया जाएगा। इसके साथ ही 30 स्पाटर्स की टीमों को भी लगाया जाएगा। इन टीमों के सदस्य पूरे शहर में तैनात रहेंगे, जो हर संदिग्ध और अराकज तत्वों पर विशेष नजर रखेंगे। वहीं, 9 कमांडो स्क्वायड की टीम चप्पे-चप्पे की निगहबानी करेगी।

उन्होंने बताया कि महाकुंभ के दौरान श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाएंगे। इसके लिए उत्तराखंड पीएसी की 2 टुकड़ियों को संगम पर तैनात किया जाएगा। उत्तराखंड पीएसी की यह टुकड़ी पानी के अंदर की गतिविधियों को बारीकी से समझती है और यह काफी एक्सपर्ट भी होते हैं, इसलिए इन्हें संगम के पास तैनात किया जाएगा। इस टीम में एक डीएसपी, 4 इंस्पेक्टर, 20 सब इंस्पेक्टर, 35 हेड कांस्टेबल और 65 कांस्टेबल होंगे।

ये भी पढ़ें- अंडर-18 टीम की उपलब्धि पर गर्व, कोच सरदार बोले- यह जीत नई पीढ़ी को आगे बढ़ने की प्रेरणा देगी

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें