Site icon Dainik Savera Times

डिजिटल युग का महाकुंभ: आधुनिक सुविधाओं का अनुभव,तीर्थयात्रियों के लिए उच्चस्तरीय स्वास्थ्य व यातायात सुविधाएं

नई दिल्ली। योगी सरकार महाकुंभ-2025 को भारतीय संस्कृति और एकता का वैश्विक प्रतीक बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में, वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने दिल्ली में एक भव्य रोडशो का नेतृत्व किया। उन्होंने महाकुंभ को भारत की विविधता में एकता का अद्वितीय उत्सव बताते हुए दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली की जनता को महाकुंभ में आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि सरकार इसे अंतरराष्ट्रीय सहभागिता और अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ ऐतिहासिक बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।

सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ-2025, जो 13 जनवरी से 26 फरवरी तक चलेगा, भारतीय सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। इसे स्वच्छ, हरित, सुरक्षित और डिजिटल बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है। पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए सिंगल-यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया गया है और मेले के क्षेत्र में तीन लाख पौधों का रोपण किया गया है। इसके साथ ही, ‘हर घर दस्तक’ अभियान के जरिए स्वच्छता और प्लास्टिक मुक्त संदेश घर-घर तक पहुंचाया गया है।

महाकुंभ में तीर्थयात्रियों, साधु-संतों और पर्यटकों के स्वास्थ्य के लिए भी व्यापक इंतजाम किए गए हैं। परेड ग्राउंड में 100 बेड का अस्पताल, 20 बेड के दो और 8 बेड के छोटे अस्पताल तैयार किए गए हैं। इसके अलावा, 10-10 बेड के दो आईसीयू और आर्मी हॉस्पिटल द्वारा बनाए गए विशेष स्वास्थ्य केंद्र भी होंगे। इन अस्पतालों में 24 घंटे डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित की गई है।

डिजिटल महाकुंभ के तहत महाकुंभ की वेबसाइट, ऐप, एआई चैटबॉट, क्यूआर आधारित पास, डिजिटल खोया-पाया केंद्र और गूगल मैप इंटीग्रेशन जैसे आधुनिक साधनों का उपयोग किया गया है। भीड़ प्रबंधन के लिए 530 परियोजनाओं की निगरानी की जाएगी। पार्किंग की सुविधा के लिए 101 स्मार्ट पार्किंग स्थलों की व्यवस्था की गई है, जिनमें पांच लाख वाहन पार्क हो सकेंगे।

महाकुंभ नगरी में 44 घाटों का निर्माण किया गया है, जिनमें 35 पुराने और 9 नए पक्के घाट शामिल हैं। संगम तट पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा का विशेष आयोजन होगा। गंगा के किनारे 15.25 किलोमीटर के क्षेत्र में मुंबई की मरीन ड्राइव की तर्ज पर रिवर फ्रंट बनाया गया है। इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड सेंटर को अपग्रेड किया गया है, जो भीड़ प्रबंधन में मदद करेगा।

ये भी देखें : अमृतसर में नशे के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन: BSF और पुलिस ने 980 ग्राम हेरोइन की बरामद

Exit mobile version