Site icon Dainik Savera Times

गाजियाबाद के मोदी स्टील कंपाउंड में लगी भीषण आग

गाजियाबाद। गाजियाबाद के मोदीनगर इलाके में मोदी स्टील कंपाउंड में बीती देर रात भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रवाना की गईं। आग की विभीषिका को देखते हुए अन्य फायर स्टेशनों से भी गाड़ियों को बुलाया गया और कई घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के दौरान फायर ब्रिगेड ने फैक्ट्री के पीछे की दीवार को जेसीबी से तोड़कर अंदर जाने का रास्ता बनाया। फायर विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को जनपद गाजियाबाद के फायर स्टेशन मोदीनगर पर रात करीब 12.30 बजे के आसपास सूचना मिली कि मोदी केसिंग्स एंड पैकेजिंग प्राइवेट लिमिटेड, मोदी स्टील कंपाउंड मोदीनगर में आग लगी हुई है।

सूचना मिलते ही एफएस मोदीनगर से एफएसएसओ को 1 फायर टैंकर के साथ घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुंचकर फायर सर्वसि यूनिट ने तत्काल होज पाइप फैलाकर आग को बुझाना शुरू किया। भीषण आग को देखते हुए फायर टैंकर मुरादनगर को भी घटनास्थल पर पहुंचने के लिए आदेश दिया गया। आग काफी ज्यादा फैल गई थी। और पूरे कंपाउंड में धुआं ही धुआं फैला हुआ था। जिसके कारण फायर विभाग के कर्मचारियों को आग बुझाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इसलिए फैक्ट्री के पीछे की दीवार को जेसीबी मशीन की सहायता से तोड़कर अग्निशमन कार्य किया गया।

फायर विभाग ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। आग को पूर्ण रूप से बुझाया गया है। घटना स्थल पर कोई जनहानि नहीं हुई है। फायर विभाग के कर्मचारी सुबह तक इस आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मेहनत करते रहे। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चला है। इसकी जांच की जा रही है।

Exit mobile version