Last Updated: November 14, 2026

Dainik Savera Times Logo

यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस बनी आग का गोला, 40 यात्रियों में मची चीख-पुकार, मौके पर पंहुचा दमकल विभाग

November 14, 2026

यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस बनी आग का गोला, 40 यात्रियों में मची चीख-पुकार, मौके पर पंहुचा दमकल विभाग

Mathura Bus Fire: मथुरा के राया थाना क्षेत्र के अंतर्गत यमुना एक्सप्रेसवे पर राया कट पुल के ऊपर शनिवार देर रात चलती बस में अचानक आग लग गई। आग की लपटें उठती देख बस में सवार करीब 40 यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों में चीख-पुकार शुरू हो गई। सूचना पर दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात 1:38 बजे पीआरवी 5840 को सूचना मिली कि राया कट पुल के ऊपर एक चलती बस में आग लग गई है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने स्थिति का जायजा लेते हुए दमकल विभाग को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग इतनी भीषण थी कि उसे पूरी तरह बुझाने में दमकल कर्मियों को करीब डेढ़ घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
महावन के क्षेत्राधिकारी (सीओ) संजीव कुमार राय ने बताया कि बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद दमकल विभाग को बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

ये भी पढ़ें- अमेरिका में फ्लाइट संकट ने बढ़ाई यात्रियों की मुसीबत, कोई एयरपोर्ट पर रोया तो किसी को करना पड़ा घंटों इंतजार

 

कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू
उन्होंने आगे बताया कि आग की सूचना मिलते ही समय रहते पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दमकल कर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई लेकिन बस और यात्रियों का सामान जलकर राख हो गया।

शॉर्ट सर्किट होने से लगी आग
जानकारी के मुताबिक, बस खजुराहो ट्रेवल्स की थी। बस चालक जितेंद्र निवासी नौगांव, छतरपुर (मध्य प्रदेश) 40 यात्रियों को लेकर दिल्ली के कश्मीरी गेट से छतरपुर जा रहा था। इसी दौरान राया कट पुल के ऊपर बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। बस में रखा यात्रियों का सामान भी आग की चपेट में आकर जल गया।

 

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें