यूपी डेस्क। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर के विधायक बेदीराम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में विधायक और सीएचसी (Community Health Center) के डॉक्टर के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। इस वीडियो से जुड़ी मिली जानकारी के अनुसार विधायक बेदीराम अचानक सीएचसी पहुंचे। वहां उन्होंने अस्पताल की खराब व्यवस्था देखी और डॉक्टर पर नाराजगी जताई। विधायक ने डॉक्टर से कहा कि जब सरकार वेतन और संसाधन दे रही है, तो मरीजों को मुफ्त इलाज क्यों नहीं मिल रहा है।
अस्पताल को ‘कबाड़खाना’ बना दिया
विधायक बेदीराम वीडियो में चिल्लाते हुए कहते हैं “अस्पताल को कबाड़खाना बना दिया गया है। संसाधन होने के बावजूद मरीजों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। सभी मरीजों को बाहर से दवा लानी पड़ रही है। मुख्यमंत्री का आदेश है कि सभी दवाइयां यहां से मुफ्त मिलेंगी।” उन्होंने मरीजों से भी कहा कि किसी को पैसे देकर दवा लेने की जरूरत नहीं है, अस्पताल में सारी दवाइयां मुफ्त हैं।
कुख्यात नकल माफिया विधायक बेदीराम एक सीनियर डाक्टर को सपा से जोड़कर बदतमीजी कर रहा है क्योंकि वो यादव है
इस विधायक पर दर्जनों केस दर्ज है, गैंगस्टर एक्ट भी लगा है, ये बचा इसलिए है क्योंकि ये बीजेपी सरकार का सहयोगी है
यही है बीजेपी के माफिया मुक्त यूपी की सच्चाई pic.twitter.com/oE3n5lKH88
— Surya Samajwadi (@surya_samajwadi) August 23, 2025
गुटखा खाने पर डॉक्टर को फटकार
विधायक ने डॉक्टर से कहा “अस्पताल को तमाशा बना रखा है। तुमको बिल्कुल तमीज नहीं है, गुटखा खाकर मुझसे बात कर रहे हो। समाजवादी पार्टी की मंशा को लेकर तुम अभी भी काम कर रहे हो।” साथ ही उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं से कहा कि मरीजों की स्टेटमेंट लेकर अस्पताल की व्यवस्था के बारे में मुख्यमंत्री को पत्र लिखें।
आपके जैसे बहुत विधायक आए और चले गए
विधायक के इस व्यवहार को देखकर डॉक्टर नाराज हो गए। उन्होंने अपनी कुर्सी से उठकर जवाब दिया “अगर बात करनी है तो ठीक से करो। मैं सरकार की मंशा के अनुसार काम करता हूँ। आपके जैसे बहुत विधायक आए और चले गए। मुझे काम करना होगा तो करूँगा, वरना इस्तीफा दे दूंगा।”

