
लखनऊ: यूपी के लखनऊ में प्यार में अंधी एक मां ने प्रेमी के साथ मिलकर घर में ही अपनी छह साल की बेटी सोना की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इसके बाद घर में ही शव के सामने प्रेमी के साथ पार्टी भी की। 36 घंटे तक मामले को दबाए रखा और अपने पति शाहरुख को हत्या में फंसाकर जेल भिजवाने की साजिश रचती रही। रोशनी ने सोमवार रात तीन बजे पुलिस को बेटी की हत्या की सूचना दी। पुलिस पहुंची, जांच की, साक्ष्यों की जांच की और पूछताछ की तो गुत्थी सुलझ गई। मां रोशनी खान और प्रेमी उदित जायसवाल ने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस ने रोशनी और उदित को गिरफ्तार कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी 36 घंटे पहले हत्या होने की पुष्टि हुई है।
जांच में पता चला है कि रोशनी अपने पति को फंसाने के लिए महीनों से अपनी बेटी की हत्या की साजिश रच रही थी। वह शाहरुख के घर आने का इंतजार कर रही थी। शाहरुख के घर से जाने के बाद रोशनी घर में सो रही अपनी बेटी के पेट पर बैठ गई। इससे सोना अचानक चीख पड़ी। सोना की नाक से खून बहने लगा। इसके बावजूद रोशनी का दिल नहीं पिघला। आरोपियों ने सोना की गला दबाकर हत्या कर दी।
कैसरबाग के खंदारी बाज़ार में यह दिल दहला देने वाली घटना हुई। डीसीपी पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव के अनुसार, रोशनी ने सोमवार देर रात पुलिस को फ़ोन करके बताया कि उसके पति ने उसकी बेटी सोना की हत्या कर दी है। पुलिस फ़ोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुँची। रोशनी की शिकायत के आधार पर उसके पति शाहरुख़ के ख़िलाफ़ हत्या का मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी गई है।
पुलिस की शुरुआती जाँच में पता चला है कि रोशनी का अपने पति से पिछले दो साल से झगड़ा चल रहा था। रोशनी अपने प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। सोमवार रात शाहरुख अपनी बेटी से मिलने आया था। इसी दौरान पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया। झगड़े के बाद शाहरुख वहाँ से चला गया।
पूछताछ में शाहरुख ने पुलिस को रात वाली घटना के बारे में बताया। शाहरुख की लोकेशन मिलने के बाद पुलिस ने शक के आधार पर रोशनी और उदित से पूछताछ की। रोशनी बार-बार बयान बदल रही थी। पुलिस ने सख्ती की तो उसने हत्या की बात कबूल कर ली।
इंस्पेक्टर कैसरबाग अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि सबूतों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, पुलिस पूछताछ में रोशनी ने बताया कि वह शाहरुख को जेल भिजवाना चाहती थी। इसलिए उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी।
कैसरबाग के खंदारी बाजार स्थित अपने घर में बेटी सोना की गला घोंटकर हत्या करने वाली रोशनी ने अपने देवर सलमान, सास परवीन और दो ननदों रुखसार व रूमी के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज कराकर सभी को जेल भिजवा दिया है। इसके बाद मई महीने में रोशनी ने अपने पति शाहरुख को मारपीट कर घर से निकाल दिया।
रोशनी ने खंदारी बाजार स्थित शाहरुख के चौथी मंजिल वाले फ्लैट पर कब्जा कर लिया और उदित के साथ वहीं रहने लगी। परेशान होकर शाहरुख ने 18 मई को रोशनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। इसके बाद रोशनी किसी भी कीमत पर शाहरुख को जेल भिजवाना चाहती थी। शाहरुख फ्लैट से अलग किराए के कमरे में रहता है।
शाहरुख ने बताया कि उसकी माँ ने बिल्डर के साथ प्लॉट का एग्रीमेंट किया था और चार मंजिला अपार्टमेंट बनवाया था। उनके परिवार पहली और चौथी मंजिल पर रहते थे। दूसरी और तीसरी मंजिल के फ्लैट बिक चुके थे।
आरोप है कि रोशनी की नज़र शुरू से ही शाहरुख की प्रॉपर्टी पर थी। यही वजह है कि उसने पूरे परिवार को घर से निकलने पर मजबूर कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की कई पहलुओं से जाँच की जा रही है।