Last Updated: September 23, 2026

Dainik Savera Times Logo

अहिंसा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

October 2, 2023

अहिंसा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत : मुख्यमंत्री आदित्यनाथ

गोरखपुरः मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को कहा कि अहिंसा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में पूरी दुनिया इसे देख चुकी है। महात्मा गांधी व देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को दोनों विभूतियों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के व्यक्तित्व और राष्ट्रहित में उनके अविस्मरणीय योगदान को याद करते हुए कृतज्ञता व्यक्त की।

बापू के सत्य व अहिंसा के संदेश का स्मरण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अहिंसा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। एक सरकारी बयान के मुताबिक, बापू (महात्मा गांधी) की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर के टाउनहॉल स्थित उनकी प्रतिमा पर रामधुन के बीच माल्यार्पण व पुष्पांजलि कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर उन्होंने शास्त्री चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण व पुष्पांजलि कर उन्हें नमन किया।

बापू की जयंती पर मुख्यमंत्री गोलघर के गांधी आश्रम भी पहुंचे और चरखा चलाकर उन्हें याद किया। उन्होंने गांधी आश्रम में सूत कातने की विधि को देखने, जानकारी लेने, खादी व ग्रामोद्योग के उत्पादों का अवलोकन करने के बाद खादी के वस्त्र भी खरीदे। गांधी आश्रम में मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने कहा कि अहिंसा लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नेतृत्व में पूरी दुनिया इसे देख चुकी है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें