Site icon Dainik Savera Times

अखिलेश यादव पर पल्लवी का पलटवार, बोलीं – पटेल हूं, विश्वासघात हमारे खून में नहीं

लखनऊ। अपना दल (कमेरावादी) की नेता और सपा विधायक पल्लवी पटेल ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा, मैं पटेल हूं, पल्लवी पटेल। धोखा, छल, छलावा हमारे खून में नहीं है। अखिलेश ने हाल ही में कहा था कि पीडीए की लड़ाई को मजबूत करना गठबंधन के हर सहयोगी की जिम्मेदारी है, ये लोग खुद को धोखा न दें। विधायक पल्लवी पटेल ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में दोहराया, ‘अखिलेश यादव मेरे बड़े भाई जैसे हैं और मैं हमेशा उनकी छोटी बहन रही हूं, इसलिए मैं ऐसा नहीं करूंगी।

मेरे ऐसे संस्कार हैं और मेरी उनके प्रति मर्यादा है, जिसका उल्लंघन मैं नहीं कर सकती। मैं विनम्रतापूर्वक यह जरूर कहना चाहूंगी कि धोखा व छलावा जैसे शब्दों से उन्हें भी बचना चाहिए। ‘पल्लवी ने कहा, ‘मेरी आपत्ति सिर्फ इस बात पर है कि हमारा नारा पीडीए है तो वह हर जगह झलकना चाहिए। मैं सिर्फ यह चाहती थी कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक के लोग राज्यसभा जाएं। मैं यह नहीं चाहती थी कि मेरी मां या किसी करीबी को टिकट दिया जाए।‘

सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव के उस बयान पर कि वह वोट दें चाहें न दें, पर पल्लवी पटेल ने कहा, ‘उनके बारे में क्या कहें, जिनके बारे में खुद मुलायम सिंह यादव बहुत कुछ कह गए हैं। मेरा अब कुछ भी कहना उचित नहीं है।‘

Exit mobile version