Last Updated: October 1, 2026

Dainik Savera Times Logo

पंकज चौधरी पंचायत से पार्लियामेंट तक का बेहतरीन उदाहरण: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

December 14, 2025

पंकज चौधरी पंचायत से पार्लियामेंट तक का बेहतरीन उदाहरण: केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश में नया प्रदेश अध्यक्ष मिल गया है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी को प्रदेश संगठन की कमान सौंपी गई है। उनके नाम की औपचारिक घोषणा केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने की। इस मौके पर पीयूष गोयल ने पंकज चौधरी के राजनीतिक सफर को ‘पंचायत से पार्लियामेंट तक का बेहतरीन उदाहरण’ बताते हुए उनके नेतृत्व, सरलता और संगठनात्मक क्षमता की सराहना की। पीयूष गोयल ने कहा कि पंकज चौधरी का स्वभाव सहज, मिलनसार और हंसमुख है। वे कभी अपने पद का दंभ नहीं दिखाते। एक ही संसदीय सीट से सात बार सांसद चुना जाना उनके कुशल नेतृत्व, जनसंपर्क और कार्यशैली का प्रमाण है।

उन्होंने कहा कि ऐसे नेतृत्व से संगठन को नई ऊर्ज और दिशा मिलेगी। पीयूष गोयल ने सपा शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि 2017 में पहली बार लखनऊ आने पर भरे बाजार व्यापारी श्रवण साहू की हत्या की खबर मिली थी। उस दौर में प्रदेश माफिया राज, अराजकता और असुरक्षा से जूझ रहा था, जिससे निवेश और विकास प्रभावित हो रहा था। भाजपा सरकार आने के बाद हालात बदले और कानून-व्यवस्था में निर्णायक सुधार हुआ। राम मंदिर आंदोलन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वर्षों के संघर्ष, बलिदान और आस्था के बाद मंदिर का निर्माण पूरा हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर को ध्वजारोहण कर मंदिर निर्माण पूर्ण होने की घोषणा की, जो देश की सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है।

ये भी देखेंः Parminder Dhindsa ਨੇ ਆਪਣੇ ਜੱਦੀ ਪਿੰਡ ਉੱਭਾਵਾਲ ‘ਚ ਪਾਈ ਆਪਣੀ ਵੋਟ, ਲੋਕਾਂ ਨੂੰ ਘਰੋਂ ਨਿਕਲ ਕੇ ਵੋਟ ਪਾਉਣ ਦੀ ਕੀਤੀ ਅਪੀਲ

पीयूष गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास एक जन आंदोलन बन चुका है। गरीब, किसान, महिला और युवा-हर वर्ग को सशक्त करने का काम हुआ है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने बीते आठ वर्षों में भूमाफिया, खनन माफिया और शराब माफिया से मुक्ति पाकर खुद को अग्रणी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित किया है।

उन्होंने कहा कि 2014 से 2025 के बीच भारत की वैश्विक छवि बदली है। आज भारतीय पासपोर्ट को दुनिया में सम्मान मिलता है। सुशासन, बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और कल्याणकारी योजनाओं के जरिए हर घर तक बदलाव पहुंचा है-बिजली, गैस, शौचालय, नल से जल, मुफ्त राशन और आवास जैसी योजनाएं इसका उदाहरण हैं।

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पंकज चौधरी के नेतृत्व में संगठन बूथ स्तर से और मजबूत होगा। सपा के ‘फर्जी पीडीए’ की राजनीति को बेनकाब किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में 2017 का रिकॉर्ड टूटेगा और भाजपा 325 से अधिक सीटें जीतेगी। साथ ही पश्चिम बंगाल में भी सरकार बनाने का संकल्प दोहराया।

ये भी पढ़ेंः Lionel Messi को भारत बुलाने वाले सताद्रु दत्ता गिरफ्तार, हंगामे पर बोले- दर्शकों के पैसे लौटाए जाए

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें