Site icon Dainik Savera Times

PM Kisan Samman Nidhi Yojana: किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी, इस दिन जारी होगी PM किसान सम्मान योजना की 20वीं किस्त

PM Kisan Yojana

नेशनल डेस्क : देश के करोड़ों किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि की 20वीं किस्त शुक्रवार को जारी की जा सकती है। सूत्रों के मुताबिक पीएम मोदी किसानों के खाते में यह राशि जारी करेंगे। इससे पहले भी पीएम मोदी ही किसान सम्मान निधि योजना की राशि जारी करते रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को बिहार दौरे पर रहेंगे। इस दौरान पीएम सिवान में एक रैली को संबोधित करेंगे। इसके साथ ही पीएम किसान सम्मान निधि ट्रांसफर करने का कार्यक्रम आयोजित होगा। इससे पहले 24 फरवरी को पीएम मोदी ने बिहार के भागलपुर में ही किसानों को सम्मान निधि की 19वीं किस्त जारी की थी।

उस दौरान किसानों के खाते में 22 हजार करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे। योजना का लाभ 9 करोड़ 80 लाख किसानों को दिया गया था। इससे पहले 18वीं किस्त के तौर पर किसानों को 20665 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए गए थे। 18वीं किस्त के बाद योजना के दायरे में 20 हजार अधिक किसानों को शामिल किया गया था, जिनको 19वीं किस्त का लाभ दिया गया था।

किसानों को साल में 3 बार मिलता है लाभ

19वीं किस्त जारी होने के बाद अब तक सभी किस्तों में किसानों को 3.68 करोड़ रुपये का लाभ दिया जा चुका है। 20वीं किस्त के लाभ से कोई किसान छूट न जाए, इसके लिए मई में नो योर कस्टमर (E-KYC) अभियान चलाया गया था, जो 31 मई तक चला था। शुक्रवार को पीएम मोदी सिवान को कई विकास परियोजनाओं की सौगात देने जा रहे हैं। वहीं, 21 जून को पीएम मोदी विशाखापत्तनम में योग दिवस कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। बता दें कि केंद्र सरकार की इस योजना के तहत किसानों को हर साल 3 किस्तों में 6 हजार (प्रत्येक में 2000 रुपये) रुपये का लाभ दिया जाता है।

कैसे चेक करें लिस्ट में नाम?

इस योजना का लाभ आपको मिलेगा या नहीं, खुद चेक कर सकते हैं। आपको सबसे पहले पीएम किसान योजना के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर Beneficiary List के ऑप्शन में जाना है। इसके बाद आपको अपना राज्य, जिला, उप जिला, ब्लॉक और गांव का चयन करना होगा। इसके बाद लाभार्थियों की लिस्ट ओपन होगी, जिसमें अपना नाम चेक कर सकते हैं।

Exit mobile version