Site icon Dainik Savera Times

समधी की हत्या करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को किया गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा: ग्रेटर नोएडा के एक फार्म हाउस में शादी समारोह के दौरान 27 नवंबर को अपने ही समधी की गोली मारकर हत्या करने वाले मामले में पुलिस ने एक अन्य आरोपी को रिवॉल्वर के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी ने भी शादी समारोह में आरोपी के साथ फायरिंग की थी और फरार हो गया था।

इस मामले में पुलिस पहले ही आरोपी समधी को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत फार्म हाउस, ग्राम बिसरख में विनोद यादव की बेटी की शादी समारोह में अभियुक्त चन्द्र शेखर उर्फ शेखर यादव ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने समधी अशोक कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

जिसके सम्बन्ध में मृतक अशोक कुमार के पुत्र की दी गई तहरीर पर थाना बिसरख में मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई थी। इसी मामले में मंगलवार को यशपाल यादव उर्फ अशी को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से एक रिवॉल्वर, एक खोखा और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

पुलिस पूछताछ में पता चला है कि 27 नवंबर को विनोद यादव की पुत्री की शादी में शेखर ने अशोक कुमार के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसमें यशपाल ने भी फायर किया था और मौके से भाग गया था।

Exit mobile version