Site icon Dainik Savera Times

हरिद्वार में होगा प्रतीक यादव की अस्थियों का विसर्जन, अपर्णा बेटियों संग हुईं रवाना

Pratik Yadav vs Aparna Yadav,

लखनऊ: समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई और दिवंगत प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार में गंगा में विसर्जित की जाएंगी। परिवार सुबह लखनऊ से विमान के जरिए देहरादून के लिए रवाना हुआ, जहां से सड़क मार्ग से हरिद्वार पहुंचकर वैदिक विधि-विधान से अस्थि-विसर्जन किया जाएगा। परिवार की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव अपनी बड़ी बेटी प्रथमा, छोटी बेटी पद्मजा, पिता अरविंद सिंह बिष्ट और भाई अमन बिष्ट के साथ अमौसी एयरपोर्ट पहुंचीं। इस दौरान आदित्य यादव अस्थि कलश लेकर आगे चलते दिखाई दिए। सूत्रों के अनुसार, विमान देहरादून के जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर उतरेगा, जहां से परिवार हरिद्वार स्थित चौधरी चरण सिंह वीवीआईपी घाट पहुंचेगा।

स्वामी अवधेशानंद गिरि की उपस्थिति में अस्थि-विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न होगी
जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि की उपस्थिति में अस्थि-विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न होगी। हालांकि, इस यात्रा में अखिलेश यादव शामिल होंगे या नहीं, यह स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। इस बीच, अपर्णा यादव ने शुक्रवार देर रात सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर शुभचिंतकों से हरिद्वार पहुंचने की अपील की। पोस्ट में कहा गया कि “पूज्य स्मरणीय श्री प्रतीक यादव की पवित्र अस्थियों का विसर्जन चौधरी चरण सिंह घाट पर किया जाएगा। सभी शुभचिंतकों से प्रार्थना है कि वे पहुंचकर परिवार को संबल प्रदान करें।”

प्रतीक यादव का 13 मई को लखनऊ में हुई था निधन
गौरतलब है कि 38 वर्षीय प्रतीक यादव का 13 मई को लखनऊ में निधन हो गया था। अगले दिन भैंसाकुंड घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां उनके ससुर अरविंद सिंह बिष्ट ने मुखाग्नि दी थी। अंतिम संस्कार के दौरान अखिलेश यादव ने भाई की चिता पर लकड़ी रखकर अंतिम प्रणाम किया था। श्मशान घाट पर प्रतीक यादव की दोनों बेटियां भी मौजूद रहीं। बड़ी बेटी प्रथमा और छोटी बेटी पद्मजा ने पिता को अंतिम विदाई दी। भावुक माहौल के बीच छोटी बेटी पद्मजा लंबे समय तक अपने ताऊ अखिलेश यादव के साथ दिखाई दी। प्रतीक यादव, दिवंगत मुलायम सिंह यादव और साधना गुप्ता के पुत्र थे। उनकी पत्नी अपर्णा यादव वर्तमान में उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।

Exit mobile version