इस्कॉन मंदिर में मध्य रात्रि को हुआ ठाकुरजी का महाभिषेक
वृन्दावनः कान्हा की नगरी के सप्त देवालयो में प्रमुख ठा. श्री राधा दामोदर मंदिर में श्रीकृष्ण के जन्म के उपलक्ष्य में बड़े ही धूमधाम के साथ नंदोत्सव का आयोजन किया गया। साथ ही इस मौके पर ठाकुर राधा दामोदरलाल ने मयूर वेष धारण कर भक्तो को दर्शन दिए। ठाकुरजी के श्रीअंग सेवक दामोदर चंद्र गोस्वामी ने भक्तों को बधाई लुटाई। जिसमें खिलोने, बिस्कुट, टॉफी, कपड़े, फल आदि लुटाए। वही भव्य नंद उत्सव के बाद में ब्रज की गोपियों और ग्वाल वालों पर लाला की प्रसादी हल्दी और दही का मिश्रण लुटाया गया।
साथ ही ब्रज की गोपियों के द्वारा ‘नंद के आनंद भयो जय हो नंदलाल की’, ‘कान्हा जन्म सुन आई यशोदा मैया दे दे बधाई’ आदि बधाइयों का गायन किया गया। सेवायत दामोदर चंद्र गोस्वामी ने बताया कि आज मंदिर परिसर में हम ब्रजवासियों के लाला भगवान श्री कृष्ण के जन्म का उत्सव मनाया जा रहा है। जिसमें सर्वप्रथम भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा का पंचामृत एवं अन्य जड़ी बूटियां से अभिषेक किया गया और भक्तों में लाल के जन्म उत्सव की बधाई बांटी गई है। जिसमें ब्रज की गोपीयो के द्वारा बधाई गायन किया जा रहा है और साथ ही ब्रज ग्वाल बालो के द्वारा नंदोत्सव की बधाई लूटी जा रही है। यह उत्सव सभी सनातनी बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाते है। मथुरा वृंदावन में भगवान श्री कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है।
जन्म बधाई कार्यक्रम बड़े गोसाई कन्हैया प्रसाद गोस्वामी के निर्देशन में संपन्न हुआ। वहीं जन्माष्टमी की मध्य रात्रि को इस्कॉन मंदिर वृंदावन के अध्यक्ष पंचकूला दास के निर्देशन में ठाकुरजी का महा अभिषेक हुआ, इसके बाद आरती और 56 भोग निवेदित हुआ इन दर्शनों को करने के लिए हजारों भक्तों की भीड़ मंदिर में जुटी। सभी भक्त उच्च स्वर से हरिनाम संकीर्तन का उद्घोष कर नाचते गाते हुए लाला के जन्म की बधाईयां एक दूसरे को दे रहे थे। इसके साथ ही वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में भी भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव अत्यंत धूमधाम से मनाया गया। वृंदावन चंद्रोदय मंदिर के अध्यक्ष चंचलापति दास ने वैदिक विधि विधान से भगवान का दिव्य अभिषेक कर लोगों को बधाइयां दी। इस अवसर पर अनंतवीर प्रभु भी मौजूद रहे।