Site icon Dainik Savera Times

‘अमेठी से भारी अंतर से चुनाव जीतेंगे राहुल गांधी’

अमेठी ः कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष अजय राय ने बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी का अमेठी से रिश्ता राजनीतिक नहीं बल्कि पीढ़ियों का है और उन्हें विश्वास है कि आगामी लोकसभा चुनाव में अमेठी के लोग भारी अंतर से राहुल की जीत सुनिश्चित करेंगे। राय ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष पद का कार्यभार ग्रहण करने के लिये वाराणसी से लखनऊ जाते वक्त अमेठी में मुसाफिरखाना के वरनापुर गांव में एकत्र पार्टी कार्यकर्ताओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने कभी मौजूदा सांसद स्मृति ईरानी की तरह अमेठी के लोगों से झूठ नहीं बोला है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि राहुल गांधी अमेठी परिवार के सदस्य हैं और इस बार अमेठी की जनता उनके बेटे, उनके भाई, उनके परिवार के सदस्य को चुनाव जिताने जा रही है।

कई औद्योगिक इकाइयों के उद्घाटन के सिलसिले में दो दिन के लिए स्थानीय सांसद ईरानी के अमेठी आने के संबंध में सवाल करने पर राय ने कहा, “राहुल के यहां आने की खबर से डरकर वह अमेठी में घूम रही हैं। अब उन्हें अमेठी की याद आई है। अब वह घर-घर जाएंगी, लेकिन अब कुछ नहीं होने वाला है क्योंकि अमेठी के लोग राहुल के परिवार के साथ खड़े हैं।” राय ने इस बात पर जोर दिया कि राहुल गांधी अपने फायदे के लिए राजनीति नहीं करते हैं और नाहीं अपने फायदे के लिए उन्होंने कभी झूठ नहीं बोला है।

Exit mobile version