Site icon Dainik Savera Times

Rajpal Yadav तिहाड़ जेल से रिहा होकर अपने गांव पहुंचे, कहा- स्मोकिंग जोन अलग होना चाहिए

rajpal Yadav

rajpal Yadav

नई दिल्ली। फिल्म अभिनेता राजपाल यादव चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद अपने जन्मस्थान उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कुंडरा गांव पहुंचे। उनके गांव पहुंचते ही स्थानीय लोगों, रिश्तेदारों और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। लोगों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। अदालत से राहत मिलने के बाद राजपाल यादव सीधे अपने गृह जनपद पहुंचे। वहां उनके परिवार वालों और चाहने वालों ने उनका हौसला बढ़ाया। मीडिया से छोटी बातचीत में उन्होंने कहा कि उन्हें देश की न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है और सच जरूर सामने आता है। उन्होंने यह भी कहा कि मुश्किल समय में परिवार और प्रशंसकों का साथ उन्हें ताकत देता है। उन्होंने अपने फैंस का धन्यवाद किया और कहा कि अब वह अपने काम पर ध्यान देंगे और दर्शकों का मनोरंजन करते रहेंगे।

 

जेल को सुधार केंद्र बनाने की बात
गांव पहुंचने के बाद राजपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में जेल के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि जेलों को सिर्फ सजा देने की जगह नहीं, बल्कि “सुधार केंद्र” के रूप में विकसित किया जाना चाहिए। उनका मानना है कि कैदियों को खुद को बदलने और बेहतर इंसान बनने का मौका मिलना चाहिए। हालांकि उन्होंने यह भी साफ कहा कि जो लोग सुधार नहीं करना चाहते, उनके लिए कानून सबसे ऊपर है। एक अलग सुझाव देते हुए उन्होंने कहा कि जैसे एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर स्मोकिंग जोन होते हैं, वैसे ही जेलों के अंदर भी अलग से धूम्रपान क्षेत्र होना चाहिए। उन्होंने यह भी माना कि बाहर से यह समझना मुश्किल होता है कि कौन आदतन अपराधी है और किससे एक बार गलती हो गई है।

अपने सिद्धांतों और सोच पर क्या बोले राजपाल
राजपाल यादव ने कहा कि उन्हें गर्व है कि उनका जन्म भारत में हुआ है और उन्होंने कभी अपना पासपोर्ट बदलने के बारे में नहीं सोचा। वह अपने गांव के वोटर बने रहना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता अपनी कमाई बढ़ाना है, न कि अपनी करेंसी बदलना। उन्होंने लोगों से सहानुभूति नहीं, बल्कि समय देने की अपील की ताकि सच्चाई समय के साथ सामने आ सके। अपनी छवि को लेकर उन्होंने कहा कि अगर उनकी तस्वीरों या वीडियो से किसी को फायदा मिलता है तो उन्हें कोई परेशानी नहीं है। उनका मकसद सिर्फ लोगों का मनोरंजन करना है। लोग उन पर हंसें या उनकी वजह से हंसें, उन्हें इससे फर्क नहीं पड़ता। अपनी स्मोकिंग की आदत पर उन्होंने साफ कहा कि वह तंबाकू को बढ़ावा नहीं देते। उन्होंने कई बार इसे छोड़ने की कोशिश भी की है।

 

18 मार्च को अगली सुनवाई
बताया गया कि राजपाल यादव को मेसर्स मुरली प्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के करीब 9 करोड़ रुपये के बकाया मामले में जेल भेजा गया था। दिल्ली हाई कोर्ट की जस्टिस स्वर्ण कांता शर्मा ने उनकी सजा को 18 मार्च तक के लिए निलंबित कर दिया है। यह राहत इसलिए मिली क्योंकि अभिनेता ने शिकायतकर्ता के खाते में 1.5 करोड़ रुपये जमा कर दिए हैं। इस कठिन समय में फिल्म इंडस्ट्री से कुछ लोगों ने उनका साथ दिया। अभिनेता Sonu Sood और Gurmeet Choudhary ने म्यूजिक कंपोजर Rao Inderjit Yadav के साथ मिलकर उनके परिवार को आर्थिक मदद देने की पेशकश की और अन्य लोगों से भी सहयोग की अपील की। फिलहाल राजपाल यादव दो दिन तक मीडिया से दूरी बनाए हुए हैं क्योंकि वह अपने परिवार के एक शादी समारोह में व्यस्त हैं। इसके बाद वह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले पर विस्तार से बात करेंगे।

 

 

Exit mobile version