Site icon Dainik Savera Times

यूपी में हो गया है अपराधियों का राम नाम सत्य : CM Yogi

लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को कहा कि आज अयोध्या में रामलला भी आ गए हैं और उत्तर प्रदेश के अपराधियों का राम नाम सत्य भी हो गया है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कृषकों को सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली उपलब्ध कराए जाने के उपलक्ष्य में ‘संकल्प की सिद्धि’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश में सभी कार्य श्रीराम का नाम लेकर चल रहा है, इसलिए किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। क्योंकि ये डबल इंजन की सरकार है। ये वही उत्तर प्रदेश है जहां 2017 से पहले न किसान सुरक्षित था, न उसकी फसल, न बिजली थी, न किसान का सम्मान, न बीज मिलता था और न खाद और पानी।

मगर आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार आपके हितों की पूरी चिंता करने के लिए हरदम तैयार बैठी है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए किसानों और किसान यूनियन के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि आज का दिन देश की आबादी के सबसे बड़े राज्य के अन्नदाता किसानों के लिए महत्वपूर्ण है। जब डबल इंजन की सरकार पीएम के विजन को धरातल पर उतारने के लिए कृषक बिल माफी के इस कार्यक्रम को मूर्त रूप देने जा रही है। इसके लिए प्रदेश के सभी अन्नदाताओं का हृदय से अभिनंदन और बधाई। उन्होंने कहा कि आज यहां प्रदेश के वित्तमंत्री, कृषि मंत्री, ऊर्जा मंत्री, मुख्य सचिव, बिजली विभाग के अधिकारी, किसान यूनियन के नेता सभी मौजूद हैं।

ऐसा बहुत कम देखने को मिलता है। योगी ने कहा कि यूपी देश का हृदयस्थल है, दुनिया की सबसे उर्वरा भूमि और सबसे अच्छा जलसंसाधन हमारे पास है। यही नहीं हमारा अन्नदाता किसान भी परिश्रमी और पुरुषार्थी है। उसी की मेहनत और परिश्रम का परिणाम है कि आज खाद्यान उत्पादन में यूपी देश में नंबर वन है। ये सबकुछ पहले भी था, पहले भी हमारे पास क्षमता थी, मगर पिछली सरकारों में किसानों की उपेक्षा की गई। किसान कभी सरकार के एजेंडे का हिस्सा नहीं रहे। लेकिन, प्रदेश में डबल इंजन की सरकार आने के बाद जो कार्य प्रारंभ हुए आज उसके परिणाम हमारे सामने हैं। आज उसी को एक नई ऊंचाई प्रदान करने के लिए हम सब यहां उपस्थित हुए हैं।

Exit mobile version