Site icon Dainik Savera Times

मथुरा में आठ साल की दलित बच्ची से दुष्कर्म, मामला दर्ज

उप्रः मथुरा जिले के महावन थाना क्षेत्र में दलित समुदाय की आठ साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) त्रिगुण बिसेन ने पीड़िता के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के हवाले से बताया कि रविवार की रात जब साढ़े आठ बजे वह खेत में था तथा पत्नी घर के काम में व्यस्त थी, तभी बच्ची गांव में एक रिश्तेदार के यहां चली गयी थी। बिसेन ने बताया कि शिकायत के अनुसार, वहां से लौटते समय ही कोई अज्ञात व्यक्ति बच्ची को टॉफी दिलाने के बहाने अपने साथ एकांत स्थान पर ले गया, और वहां वह उसके साथ दुष्कर्म कर भाग गया। काफी देर बाद बच्ची किसी तरह घर वापस लौटी। उसकी हालत बहुत खराब थी। रक्तस्राव होने की वजह से उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां से प्राथमिक उपचार के बाद आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

एसपी ने बताया कि पीड़िता के पिता की शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपी का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती बच्ची की हालत में भी सुधार है।

Exit mobile version