Site icon Dainik Savera Times

Middle East में छिड़ी जंग को लेकर ईंधन संकट की फैली अफवाह, पेट्रोल पंप पर लगी लंबी कतारें

petrol desal

petrol desal

लखीमपुर खीरी। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कारण पेट्रोलियम उत्पादों और द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (एलपीजी) की कमी की अफवाहों ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी के कई क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के बीच दहशत पैदा कर दी है, जिसके कारण शुक्रवार को कई पेट्रोल पंप पर लोगों की लंबी कतारें देखी गई। पेट्रोलियम उत्पादों की संभावित कमी की आशंका के बीच जिले के निघासन, पलिया और भीरा इलाकों में कई ईंधन स्टेशनों पर पेट्रोल और डीजल खरीदने के इच्छुक लोगों की लंबी कतारें देखी गईं।

जिला आपूर्ति पदाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने हालांकि अफवाहों को निराधार बताते हुए खारिज कर दिया और कहा कि जिले में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कोई कमी नहीं है। जिला आपूर्ति पदाधिकारी अंजनी कुमार सिंह ने मीडिया से कहा, लखीमपुर खीरी जिले में पेट्रोल, डीजल या एलपीजी की कमी की अफवाहें निराधार और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और लोगों को अपनी आवशय़कता के अनुसार ही इनकी खरीद करनी चाहिए।

उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि पेट्रोलियम उत्पादों की जमाखोरी करते पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल ने भी अफवाहों पर संज्ञान लिया और लोगों से न घबराने की अपील करते हुए उन्हें आश्वासन दिया कि जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सामान्य है।

खीरी पेट्रोलियम ट्रेडर्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अभिषेक दीक्षित ने कहा कि जिले में ईंधन का कोई संकट नहीं है और उपभोक्ताओं की मांग को पूरा करने के लिए पेट्रोल पंप पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। इसी तरह, एलपीजी वितरक संघ के जिला अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि जिले में एलपीजी का पर्याप्त भंडार है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

 

Exit mobile version