Site icon Dainik Savera Times

सहारनपुर पुलिस ने शराब तस्कर को किया गिरफ्तार, ट्रक से 30 लाख रुपये की अवैध शराब बरामद

सहारनपुर: उत्तर प्रदेश में नशे के बढ़ते कारोबार पर अंकुश लगाने की कड़ी में सदर बाजार थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सहारनपुर में पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया और उसके पास से शराब की बड़ी खेप बरामद की।

बरामद की गई शराब की खेप पंजाब से बिहार के लिए भेजी जा रही थी। शराब की कीमत 30 लाख रुपये के अधिक है। मुखबिर से मिली सूचना पर सदर बाजार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सदर बाजार थाना अंतर्गत गांव छिदवाना मोड़ के पास चेकिंग के दौरान एक ट्रक (यूके 08 सीए 3009) को रुकवाया और चेक किया। वाहन से 246 प्लास्टिक के कार्टून से 357 पेटी अवैध शराब बरामद हुई।

पुलिस ने बताया कि शराब परिवहन के संबंध में वाहन चालक से वैध दस्तावेज मांगे गए तो वो कोई वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इसके बाद वाहन हेल्पर गुलशेर निवासी लक्सर को गिरफ्तार किया गया। जबकि, चालक मूर्सलिन फरार होने में कामयाब रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Exit mobile version