Site icon Dainik Savera Times | Hindi News Portal

सांसद खेल महाकुंभ भारत को श्रेष्ठ खेल शक्ति बनने में करेगा मदद: PM Modi

गोरखपुर: स्थानीय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को तलाशने और तराशने पर बल देते हुये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि भारत को दुनिया की श्रेष्ठ खेल शक्ति बनना है, तो उसके लिए नए तौर तरीके ढूँढने होंगे और नई व्यवस्थाओं का भी निर्माण करना होगा। सांसद खेल महाकुंभ ऐसी ही नई व्यवस्था है। गोरखपुर के क्षेत्रीय क्रीड़ांगन में आयोजित सांसद खेल महाकुंभ के समापन समारोह के दौरान वीडियो संदेश में मोदी ने कहा “ मैं मानता हूं कि अगर भारत को दुनिया की श्रेष्ठ स्पोर्टिंग पावर बनना है, तो उसके लिए हमें नए नए तौर तरीके ढूँढने होंगे, नए रास्ते चुनने होंगे, नई व्यवस्थाओं का भी निर्माण करना होगा।

ये सांसद खेल महाकुंभ ऐसा ही एक नया मार्ग है, नई व्यवस्था है। खेल की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ये बहुत जरूरी है कि स्थानीय स्तर पर निरंतर खेल प्रतियोगिताएं होती रहें। लोकसभा स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को तो निखारती ही हैं, साथ ही पूरे क्षेत्र के खिलाड़ियों के मोराल को भी बूस्ट करती हैं।” उन्होने कहा कि खेल व खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने बजट में कई प्रावधान किए हैं। 2014 की तुलना में खेल मंत्रालय का बजट तीन गुना कर दिया गया है। अनेक आधुनिक स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। खिलाड़ियों को लाखों रुपये की मदद की जा रही है। हमें खेलों के प्रति होलिस्टिक विजन अपनाना होगा। ‘टॉप्स’ जैसी योजना से खिलाड़ियों के प्रशिक्षण पर ध्यान दिया जा रहा है।

खेलो इंडिया के साथ साथ फिट इंडिया और योग जैसे अभियान भी आगे बढ़ रहे है। मोदी ने कहा कि इस प्रतियोगिता में कुश्ती, कबड्डी, हॉकी जैसे खेलों के साथ-साथ चित्रकारी, लोकगीत, लोकनृत्य और तबला-बांसुरी आदि के कलाकारों ने भी भाग लिया है। ये एक बहुत ही सुंदर, सराहनीय और प्रेरणा देने वाली पहल है। प्रतिभा चाहे खेल की हो या फिर कला-संगीत की, उसकी स्पिरिट और उसकी एनर्जी एक जैसी ही होती है। ख़ासकर जो हमारी भारतीय विधाएँ हैं, जो लोक-विधाएं हैं, उन्हें आगे बढ़ाने की नैतिक ज़िम्मेदारी भी हम सब पर साझी जिम्मेदारी है।

Exit mobile version